करनाल। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार शारदा के मार्गदर्शन में सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी यादव ने वीरवार को प्लेस ऑफ सेफ्टी और एमडी़डी बाल भवन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम ने प्लेस ऑफ सेफ्टी में रह रहे ज्यूविनाइल्स से बातचीत की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बाद उन्होंने एमडीडी बाल भवन का दौरा किया और वहां रह रहे बच्चों से बातचीत की। सीजेएम ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और उन्हें उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
घरौंडा में भी किया निरीक्षण
बाद दोपहर सीजेएम मीनाक्षी यादव ने सब डिविजनल लीगल सर्विसेज कमेटी, घरौंडा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त सिविल जज, सीनियर डिवीजन, घरौंडा गौरांग शर्मा, सिविल जज, जूनियर डिवीजन, घरौंडा कार्तिक शर्मा और शीश सेठी, करनाल मौजूद रहे।


