HomePunjabपंजाब बंद का असर: बाजार बंद, मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर सील; सुरक्षा के लिए...

पंजाब बंद का असर: बाजार बंद, मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर सील; सुरक्षा के लिए 1000 से ज्यादा जवान तैनात

Punjab Desk: कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से सजा पूरी होने के बावजूद जेलों में बंद सिखों की रिहाई और पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड के दोषी जगतार सिंह हवारा की पैरोल की मांग को लेकर आज 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रस्तावित है। बंद के चलते राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बसों के पहिए थम गए हैं, जबकि ज्यादातर निजी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। हालांकि, ट्रेनों की आवाजाही पर फिलहाल कोई खास असर नहीं पड़ा है।

खरड़-चंडीगढ़ हाईवे बंद, यात्रियों को परेशानी

खरड़-चंडीगढ़ हाईवे को प्रदर्शनकारियों ने बंद कर दिया है। प्रदर्शनकारी केवल इमरजेंसी वाहनों को आगे जाने दे रहे हैं। इस दौरान ड्यूटी पर जा रहे एक व्यक्ति की प्रदर्शनकारियों से बहस भी हो गई। हिमाचल प्रदेश से आने वाली बसों को खरड़ में ही रोक दिया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पटियाला में खुली दुकानें बंद करवाने पर तनाव

पटियाला में कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों ने बाजारों में विरोध मार्च निकाला। इस दौरान खुली दुकानों को बंद करवाया गया। दुकानदारों और प्रदर्शनकारियों के बीच स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी मोहित अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

जालंधर में मिला-जुला असर

जालंधर में पंजाब बंद का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। लाडोवाली रोड और आसपास के इलाकों में दूध और बेकरी उत्पाद बेचने वाली कुछ दुकानें खुली हैं। रेलवे रोड पर भी कई दुकानें खुली मिलीं। वहीं, बसों का संचालन बंद रहने के कारण बस स्टैंड पर यात्री परेशान नजर आए।

पठानकोट में करीब 60 फीसदी बाजार बंद

पठानकोट में भी बंद का असर पूरी तरह नहीं दिखा। करीब 60 फीसदी बाजार बंद रहे, जबकि लगभग 40 फीसदी दुकानें खुली रहीं। शहर की सड़कों पर सामान्य दिनों की तरह लोगों की आवाजाही जारी रही।

लुधियाना में भी मिला-जुला असर

लुधियाना में बंद का असर अलग-अलग इलाकों में अलग दिखाई दे रहा है। कुछ बाजार पूरी तरह बंद हैं, जबकि कई जगह दुकानें सामान्य रूप से खुली हुई हैं।

चंडीगढ़ में BJP कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी

इसी बीच चंडीगढ़ स्थित BJP के स्टेट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। ई-मेल के जरिए भेजी गई धमकी में पंजाब बंद का जिक्र करते हुए बंद के दौरान खुले रहने वाले शहरों में बम धमाके करने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल पंजाब के अलग-अलग शहरों में बंद की स्थिति अलग-अलग है। पुलिस और प्रशासन संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments