Viral News: गुरुग्राम के मार्केटिंग प्रोफेशनल शिव मित्तल की एक लिंक्डइन पोस्ट इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। पोस्ट में उन्होंने अपनी घरेलू सहायिका की मेहनत, करीब 60 हजार रुपये की मासिक आय और उसके खर्च व बचत के तरीके के बारे में बताया है। मित्तल के मुताबिक, जिस तरह उनकी सहायिका सीमित जरूरतों में रहते हुए अपनी कमाई को संभालती है, वह कई लोगों के लिए वित्तीय अनुशासन की मिसाल है।
रोजाना 5-6 घरों में करती हैं काम
शिव मित्तल ने बताया कि उनकी घरेलू सहायिका रोजाना करीब 5 से 6 घरों में काम करती है। वह सुबह 7 बजे से पहले अपना काम शुरू कर देती है और महीने में केवल 3-4 तय छुट्टियां लेती है। लगातार मेहनत के जरिए वह करीब 60 हजार रुपये महीना कमा लेती है।
कमाई का बड़ा हिस्सा भविष्य के लिए
मित्तल के अनुसार, सहायिका अपनी आय को बेहद सोच-समझकर खर्च करती है। वह अपनी बेटी की प्राइवेट स्कूल की फीस, घर के रोजमर्रा के खर्च और 10 हजार रुपये मासिक किराए का भुगतान करती है। इसके अलावा, अपने होमटाउन में करीब 6 लाख रुपये की जमीन के लिए EMI भी भरती है।
मित्तल ने बताया कि उनकी सहायिका का सीधा सिद्धांत है कि जो पैसा खर्च नहीं किया जाता, वही बचत बनता है। उसकी प्राथमिकता अपनी व्यक्तिगत इच्छाओं से ज्यादा बेटी का सुरक्षित और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है।
कॉरपोरेट कर्मचारियों से की तुलना
शिव मित्तल ने इस वित्तीय सोच की तुलना कॉरपोरेट सेक्टर में काम करने वाले लोगों से भी की। उनका कहना है कि कई सैलरीड प्रोफेशनल्स कार, गैजेट्स और लाइफस्टाइल जैसी चीजों पर EMI लेते हैं और अपनी आय का बड़ा हिस्सा दिखावे या गैर-जरूरी खर्चों में लगा देते हैं।
इसके विपरीत, उनकी घरेलू सहायिका के पास न कोई कॉरपोरेट सेफ्टी नेट है, न कर्मचारी लाभ और न ही कोई बड़ी वित्तीय सुविधा। इसके बावजूद वह अपनी सीमित आय में जरूरतों को प्राथमिकता देकर भविष्य के लिए निवेश कर रही है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
लिंक्डइन पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई लोगों ने सहायिका की मेहनत और वित्तीय समझ की तारीफ की। कुछ यूजर्स ने इसे वास्तविक फाइनेंशियल डिसिप्लिन बताया, जबकि कुछ लोगों ने गुरुग्राम में घरेलू सहायकों की बढ़ती कमाई और उनके कठिन परिश्रम पर चर्चा की।
इस पोस्ट ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ज्यादा कमाई से ज्यादा जरूरी है—कमाई का सही इस्तेमाल और भविष्य के लिए बचत की आदत।


