हिसार: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 11 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, 14 सितंबर को भी कई जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
फिलहाल प्रदेश में दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ गई है। हिसार में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, इस समय मानसून की गतिविधियां कमजोर हैं। हालांकि, तापमान में बढ़ोतरी के साथ आने वाले दिनों में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है।
इन जिलों में बारिश की चेतावनी
शुक्रवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, नूंह (मेवात), पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 14 सितंबर को भी कई इलाकों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।


