चंडीगढ़: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने नई दिल्ली में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा के मौजूदा राजनीतिक हालात और पार्टी की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।
राहुल गांधी से मुलाकात से पहले गुजरात कांग्रेस के तीनों सह-प्रभारी सचिव रामकिशन ओझा, सुभाषिनी शरद यादव और देवेंद्र यादव ने भी सुरजेवाला से मुलाकात की। ऐसे में राहुल गांधी और सुरजेवाला की बैठक को गुजरात के साथ-साथ हरियाणा में कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
बैठक के बाद सुरजेवाला ने हरियाणा में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों और न्याय की मांग कर रहे हजारों कर्मचारियों से बातचीत कर समाधान निकालने के बजाय सरकार बर्खास्तगी, निलंबन, गिरफ्तारी और नोटिस जैसे कदम उठा रही है।
सुरजेवाला ने कहा कि सफाई कर्मचारी पक्की नौकरी और सुरक्षित भविष्य की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय टकराव का रास्ता अपना रही है।
गेस्ट टीचरों को लेकर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने हरियाणा के करीब 12 हजार अतिथि अध्यापकों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाई कोर्ट के फैसले के बावजूद गेस्ट टीचरों को अब तक नियमित नहीं किया गया है।
सुरजेवाला ने कहा कि कर्मचारियों और अतिथि अध्यापकों की मांगों को दबाने से उनकी न्याय की लड़ाई खत्म नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कर्मचारियों के अधिकारों और उनके न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।


