HomeHaryanaPM मोदी के 25 साल पूरे, हरियाणा में 1 महीने चलेगा ‘सेवा...

PM मोदी के 25 साल पूरे, हरियाणा में 1 महीने चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

अभियान के पहले दिन प्रदेशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। वहीं शाम 7 बजे लोगों से अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प के प्रति लोगों की भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम बनेगी।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश के स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 2 अक्टूबर को गांव-गांव नुक्कड़ नाटक, संगीत और संवाद कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री की सार्वजनिक यात्रा तथा केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरणादायक कहानियां जनता तक पहुंचाई जाएंगी।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम होंगे। इनमें माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित किया जाएगा। अभियान के तहत देशभर के 25 लाख नागरिकों की परिवर्तन कथाओं को भी सामने लाने की योजना है। गांवों और जिलों में पदयात्राएं तथा बाइक रैलियां भी आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान हर नागरिक से कम से कम 25 मिनट समाज सेवा के लिए देने का आह्वान किया जाएगा। रक्तदान, पौधारोपण और स्वच्छता अभियान के अलावा बुजुर्गों को डिजिटल तकनीक सिखाना, जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाना, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य और अंगदान के प्रति जागरूकता जैसे कार्य भी सेवा गतिविधियों में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक विशेष सेवा यात्राएं भी प्रस्तावित हैं। ये यात्राएं 20 टोलियों के माध्यम से करीब 10 राज्यों से होकर गुजरेंगी। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी तथा लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

युवाओं और नवाचार करने वालों के लिए ‘इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित होगा। विद्यार्थी, स्टार्टअप, पेशेवर और जमीनी स्तर पर नए प्रयोग करने वाले लोग इसमें हिस्सा ले सकेंगे। चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपने नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री की इस यात्रा को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए कहा कि यह पड़ाव किसी विराम का नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को और आगे बढ़ाने का अवसर है।

सैनी ने हरियाणा में केंद्र सरकार की विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में प्रदेश को करीब 86 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लाभ मिला है। इनमें एक्सप्रेसवे, मेट्रो, रेलवे, राष्ट्रीय कैंसर संस्थान और रेवाड़ी एम्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

‘सेवा संकल्प अभियान’ का समापन 17 अक्टूबर को प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के मुताबिक समापन कार्यक्रम में देशभर से करीब सवा लाख सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी कर सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने की अपील की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments