जालंधर। शहर में लूटपाट और झपटमारी की कथित वारदातों को लेकर जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान अनिल उर्फ नंदू, निवासी गांव मलको, थाना लांबड़ा के रूप में हुई है। आरोपी की टांग में चोट होने के कारण वह लकड़ी के सहारे चलते हुए पुलिस के सामने माफी मांगता नजर आया। पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पति-पत्नी को रास्ते में रोककर लूट की कोशिश
एसीपी मनमोहन सिंह के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को एक महिला अपने पति के साथ जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने तेजधार हथियार दिखाकर दंपती से लूट करने की कोशिश की।
दंपती द्वारा शोर मचाने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना नंबर-7 में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के बाद एक आरोपी दबोचा
पुलिस टीम ने जांच के दौरान अनिल उर्फ नंदू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
आरोपी पर पहले से भी केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।


