HomeUncategorizedरोहतक में 17 वर्षीय किशोर की चाकुओं से ताबड़तोड़ हत्या, टाउन पार्क...

रोहतक में 17 वर्षीय किशोर की चाकुओं से ताबड़तोड़ हत्या, टाउन पार्क के बाहर वारदात; जांच में जुटी पुलिस

रोहतक: टाउन पार्क के मुख्य गेट के सामने मंगलवार दोपहर दो युवकों ने 17 वर्षीय किशोर पर चाकुओं से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए किशोर मौके से भागा, लेकिन ज्यादा खून बहने के कारण वह पास की गली में गिरकर बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस, डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल किशोर को महम के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर 17 वर्षीय अरमान पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और एफएसएल टीम को भी बुलाया। एफएसएल अधिकारी सरोज देवी ने मौके और शव से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

गर्दन, छाती और पेट पर चाकू के वार

प्रत्यक्षदर्शियों वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह और जिले सिंह के मुताबिक, दो युवक करीब एक बजे किशोर पर चाकुओं से लगातार हमला कर रहे थे। हमला टाउन पार्क के मुख्य गेट के सामने हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों से बचने के लिए किशोर पार्क के गेट से आगे गलियों की तरफ भागा। रास्ते में खून के निशान दिखाई दिए। कुछ दूर जाने के बाद वह गली में मुंह के बल गिर गया और बेहोश हो गया।

एफएसएल की शुरुआती जांच में मृतक के गर्दन, छाती और पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार के निशान मिले हैं। पुलिस के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव के कारण किशोर की मौत हुई। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है।

घटनास्थल पर मिलीं छह बाइकें

वारदात के समय टाउन पार्क के मुख्य गेट के सामने छह बाइक खड़ी मिलीं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बाइकों को कब्जे में लेकर उनकी जानकारी जुटाने के लिए चौकी भिजवा दिया है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने की तैयारी में है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और हत्या की वजह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

जन्मदिन मनाने महम आया था अरमान

परिजनों के अनुसार, अरमान मंगलवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दो अन्य युवकों के साथ बाइक से महम आया था। दोपहर करीब दो बजे परिवार को उसकी मौत की जानकारी मिली।

अरमान के पिता पवन कुमार ने बताया कि उनके बेटे की किसी से दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने पुलिस से आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

अरमान परिवार में सबसे छोटा था और गांव के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता था। वह प्रसिद्ध सांगी धनपत निंदाना के परिवार से ताल्लुक रखता था। उसके पिता भी सांग करते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments