सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में एक मासूम बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिवार और रिश्तेदार बच्ची के शव को लेकर सेक्टर-15 स्थित श्मशान घाट के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची के हाथ-पैर बंधी अवस्था में मिले थे और उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। परिवार ने घटना की परिस्थितियों को गंभीर बताते हुए पुलिस से पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच होनी चाहिए।
पुलिस कार्रवाई पर परिजनों ने उठाए सवाल
धरने के दौरान बच्ची के पिता भावुक नजर आए। उन्होंने पुलिस पर परिवार की शिकायत के अनुरूप कार्रवाई नहीं करने और दबाव बनाने का आरोप लगाया। पिता ने कहा कि उनका परिवार बच्ची की मौत के बाद न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी देवेंद्र गौतम भी श्मशान घाट पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और उनकी न्याय की मांग का समर्थन किया।
मौके पर पहुंची पुलिस, बातचीत से शांत कराने का प्रयास
धरने की सूचना मिलने पर मोहाना थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और वहां मौजूद लोगों से बातचीत की और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उनके बयानों और मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर जांच की जाएगी और तथ्यों के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजन बच्ची के अंतिम संस्कार से पहले मामले में उचित कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।


