कपूरथला। कपूरथला के गांव खानोवाल में सोमवार दोपहर गुज्जर डेरे के पास उस समय दहशत फैल गई, जब बाइक सवार दो युवकों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। इस घटना में रहमत अली निवासी गुज्जर डेरा, गांव खानोवाल गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी-डी हरिंदर सिंह और डीएसपी सबडिवीजन शीतल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से एक खोल भी बरामद हुआ है।
डेरे के पास पेशाब करने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस को दिए बयानों में घायल की पत्नी ने बताया कि दोपहर के समय दो युवक बाइक पर सवार होकर उनके डेरे के पास पहुंचे। आरोप है कि दोनों वहां पेशाब करने लगे। रहमत अली ने उन्हें ऐसा करने से रोका, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद दोनों युवकों ने पिस्तौल निकाल ली और फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली रहमत अली को लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस को तीन फायर किए जाने का अंदेशा
डीएसपी शीतल सिंह ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में घटनास्थल पर तीन फायर किए जाने की बात सामने आई है। मौके से एक खोल भी बरामद किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
घायल की पत्नी के बयानों के आधार पर थाना सदर कपूरथला में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस घटना के कारणों और फायरिंग से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


