HomePunjabलुधियाना में गूंजेगा ‘हमारे राम’, आशुतोष राणा निभाएंगे रावण का किरदार

लुधियाना में गूंजेगा ‘हमारे राम’, आशुतोष राणा निभाएंगे रावण का किरदार

Punjab News। पंजाब सरकार की ओर से लुधियाना वासियों के लिए 25 और 26 सितंबर को ‘हमारे राम’ नाटक का मंचन किया जाएगा। पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) के डॉ. मनमोहन सिंह ऑडिटोरियम में होने वाले इस नाटक के चार शो होंगे। मशहूर अभिनेता आशुतोष राणा इसमें रावण की भूमिका निभाएंगे, जबकि राहुल के. भुच्चर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। खास बात यह है कि सभी शो दर्शकों के लिए पूरी तरह निःशुल्क होंगे।

कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और संस्कृति एवं पर्यटन सलाहकार दीपक बाली ने लुधियाना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शहरवासियों को इस शो में शामिल होने का न्यौता दिया। मंत्री मुंडियां ने बताया कि 25 और 26 सितंबर को हर दिन दो शो होंगे। पहला शो दोपहर 2 बजे और दूसरा शाम 6 बजे शुरू होगा।

हरदीप सिंह मुंडियां ने लुधियाना के लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार के साथ इस विशेष नाटक को जरूर देखें। उन्होंने कहा कि इस प्रस्तुति में देश के जाने-माने कलाकार रामायण के विभिन्न पात्रों को जीवंत करेंगे।

संस्कृति एवं पर्यटन सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि पंजाब की धरती का भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि ऋग्वेद, रामायण, उपनिषद, पुराण और महाभारत जैसी महान परंपराओं की बौद्धिक यात्रा का पंजाब की धरती से गहरा संबंध रहा है।

बाली ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से पहले गुरु तेग बहादुर साहिब का 350वां प्रकाश पर्व, गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व और भगवान शिव को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में अब ‘हमारे राम’ नाटक का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को समझने और बेहतर तरीके से जीने की प्रेरणा देने वाली कथा है। ‘हमारे राम’ के जरिए रामायण की कहानी को आधुनिक मंचीय प्रस्तुति के रूप में दर्शकों के सामने पेश किया जा रहा है।

दीपक बाली के मुताबिक, नाटक में भगवान राम के जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया गया है। भगवान राम का वनवास, महाराज दशरथ और राम के बीच संवाद, राम का लव-कुश से मिलना, रावण और लक्ष्मण के बीच संवाद तथा रावण का अंत जैसे प्रसंग दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे।

बाली ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में ‘हमारे राम’ के कुल 41 शो आयोजित किए जा रहे हैं। इसकी शुरुआत मोहाली से हुई थी और अब यह प्रस्तुति पंजाब के विभिन्न शहरों तक पहुंच रही है।

उन्होंने बताया कि प्रसिद्ध अभिनेता और लेखक आशुतोष राणा नाटक में रावण की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि राहुल के. भुच्चर भगवान राम की भूमिका में हैं। उन्होंने इसे एक विशेष लाइव थिएटर प्रस्तुति बताते हुए कहा कि दर्शकों को रामायण की कहानी को इस तरह मंच पर देखने का अलग अनुभव मिलेगा।

दीपक बाली ने कहा कि देश के अन्य हिस्सों में इस नाटक को देखने के लिए टिकट की कीमत काफी अधिक है, लेकिन पंजाब में लोगों को यह शो निःशुल्क दिखाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का पूरा खर्च पंजाब सरकार की ओर से वहन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दर्शक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों, जिला अध्यक्षों, व्यापारी आयोग के पदाधिकारियों, सनातन सेवा समिति के पदाधिकारियों, जिला प्रशासन और बुकमायशो के माध्यम से निःशुल्क पास प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

बाली ने बताया कि इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस नाटक को देखा था और पंजाब के लोगों को इसे देखने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तुति पूरी रामायण को समझने का एक माध्यम है।

उन्होंने पत्रकारों, अधिकारियों, विधायकों और मंत्रियों से भी अपील की कि वे अपने परिवार, माता-पिता, बुजुर्गों और बच्चों के साथ इस नाटक को देखने पहुंचें।

इस मौके पर सनातन सेवा समिति के नेशनल प्रेसिडेंट विजय कुमार शर्मा सहित समिति के अन्य सदस्यों का भी धन्यवाद किया गया। कार्यक्रम में विधायक चौधरी मदन लाल बग्गा, विधायक पप्पी पराशर, डीसी, एडीसी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments