अमृतसर: शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट अमृतसर द्वारा एक महत्वपूर्ण और सख्त आदेश जारी किया गया है। अमृतसर की DCP (स्थानीय) श्रीमती आकर्षी जैन (IPS) ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर की सीमा के भीतर यह देखने में आ रहा था कि कई वाहन बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट (HSRP) के या फिर टूटी और बदली हुई नंबर प्लेट लगाकर सड़कों पर घूम रहे हैं। ऐसे वाहन जहाँ मोटर वाहन अधिनियम का सरेआम उल्लंघन करते हैं, वहीं कई बार स्नैचिंग, हादसों और अन्य गंभीर अपराधों में भी इस्तेमाल किए जाते हैं, जिससे आरोपियों की पहचान करने में कठिनाई होती है।
DCP आकर्षी जैन ने बताया कि इन गंभीर पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर अमृतसर द्वारा मैजिस्ट्रेटी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए धारा 163 BNSS (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) के तहत नए आदेश लागू किए गए हैं। इस आदेश के अनुसार शहर के सभी पेट्रोल पंपों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, क्षतिग्रस्त या तोड़-मरोड़ कर लगाई गई नंबर प्लेट वाले किसी भी वाहन को पेट्रोल, डीजल या CNG न दी जाए।
यह आदेश दोपहिया, तिपहिया, चार पहिया और कमर्शियल (व्यावसायिक) वाहनों पर समान रूप से लागू होगा। हालांकि, एम्बुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों और अस्थायी (Temporary) पंजीकरण नंबर वाले वाहनों को इस नियम से छूट दी गई है। इसके अलावा, प्लास्टिक या कांच की बोतलों और डिब्बों में खुला पेट्रोल देने पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इन आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन के इस कदम का पेट्रोल पंप प्रबंधकों ने पूरा समर्थन किया है। पेट्रोल पंप मैनेजर रूप सिंह ने बात करते हुए बताया कि उन्हें पुलिस कमिश्नर के आदेशों की सूचना मिल गई है और उन्होंने अपने सभी कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं कि बिना नंबर और बिना हाई सिक्योरिटी प्लेट वाले वाहनों में तेल न डाला जाए। उन्होंने कहा कि पंप पर जागरूकता के लिए बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और अपने वाहनों पर सरकारी नियमानुसार नंबर प्लेट लगवाएं। इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि यदि कोई जबरदस्ती खुला तेल लेने या बिना नंबर प्लेट के तेल डलवाने का प्रयास करेगा, तो तुरंत पुलिस को सूचित कर कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी।
दूसरी ओर, आम नागरिकों और ग्राहकों ने भी इस फैसले को शहर की सुरक्षा के लिए सराहनीय बताया है। पेट्रोल पंप पर मौजूद ग्राहक मनप्रीत सिंह ने कहा कि पुलिस का यह कदम बेहद शानदार है। शहर में पुराने या बिना नंबर वाले मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करके अक्सर लूटपाट और गोलीबारी जैसी वारदातों को अंजाम दिया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा उठाए जा रहे ऐसे कदमों में हर नागरिक को अपने दस्तावेज पूरे रखकर और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाकर प्रशासन का साथ देना चाहिए।शहरवासियों ने उम्मीद जताई कि इस सख्ती से आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसा जा सकेगा।


