नई दिल्ली। मशहूर अभिनेता, मार्शल आर्टिस्ट और फिल्ममेकर जैकी चैन की मौत की खबर ने दुनियाभर में उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया। सोशल मीडिया पर पिछले 24 घंटों से कई पोस्ट तेजी से वायरल हो रही थीं, जिनमें दावा किया गया कि 72 वर्षीय जैकी चैन का निधन हो गया है। हालांकि, ये दावे फर्जी और भ्रामक हैं।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने जैकी चैन की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर करते हुए उस पर ‘1954-2026’ लिख दिया और उन्हें श्रद्धांजलि भी देने लगे। देखते ही देखते ऐसी पोस्ट बड़ी संख्या में शेयर होने लगीं, जिसके बाद उनके फैंस के बीच चिंता का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर तेजी से फैली अफवाह
जैकी चैन की दुनियाभर में जबरदस्त लोकप्रियता है। उनकी फिल्मों और एक्शन स्टंट्स के कारण उनके करोड़ों प्रशंसक हैं। इसी वजह से उनके निधन से जुड़ी फर्जी खबर ने सोशल मीडिया पर तेजी से पकड़ बना ली।
रिपोर्ट के मुताबिक, खास तौर पर अमेरिका में ऐसी कई पोस्ट तेजी से शेयर की गईं और कुछ ही समय में उन्हें लाखों व्यूज मिल गए। हालांकि, जैकी चैन की मौत की पुष्टि करने वाली कोई विश्वसनीय जानकारी सामने नहीं आई है।
जुलाई में इवेंट में नजर आए थे जैकी चैन
जैकी चैन हाल ही में सार्वजनिक कार्यक्रम में भी नजर आए थे। जुलाई 2026 में उन्होंने सिंगापुर के Pei Chun Public School में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस दौरान उनकी मौजूदगी ने यह स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर उनके निधन को लेकर चल रहे दावे सही नहीं हैं।
जैकी चैन की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर चिंता जाहिर की, लेकिन बाद में यह स्पष्ट हुआ कि वायरल हो रही पोस्ट महज एक अफवाह थी। ऐसे में सोशल मीडिया पर किसी भी सेलिब्रिटी के निधन से जुड़ी खबर को बिना पुष्टि के शेयर करने से बचना जरूरी है।


