माछीवाड़ा (लुधियाना): जिले के माछीवाड़ा में दिवाली की रात एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहाँ एक व्यक्ति अपनी जान बचाने के डर से बिजली के ट्रांसफॉर्मर वाले खंभे पर चढ़ गया और रातभर वहीं नंगे तारों के बीच बैठा रहा। सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने बिजली सप्लाई बंद करवाकर कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
सुबह टहलने निकले पार्षद ने देखा
घटना स्थानीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास स्थित बालीबेग बस्ती की है। बस्ती निवासी विक्रम साहनी दिवाली की रात करीब 10 बजे ट्रांसफॉर्मर के खंभे पर चढ़ गया था। अगली सुबह जब स्थानीय पार्षद अमनदीप सिंह तनेजा खेतों की ओर जा रहे थे, तो उनकी नजर खंभे पर बैठे विक्रम पर पड़ी। उन्होंने तत्काल आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर पुलिस को सूचित किया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी विजय कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने विक्रम को समझा-बुझाकर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने को राजी नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत बिजली विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई। इसके बाद पुलिसकर्मी खंभे पर चढ़े और करीब दो घंटे के संयुक्त प्रयास के बाद विक्रम को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
‘लोग मारने दौड़े थे, इसलिए जान बचाने चढ़ा’
नीचे उतारे जाने के बाद विक्रम नशे की हालत में नजर आ रहा था। उसने पुलिस को बताया कि रात में कुछ अज्ञात लोग उसे मारने के लिए उसके पीछे पड़े थे। हमलावरों से जान बचाने के लिए वह आनन-फानन में खंभे पर चढ़ गया और वहीं छिपकर बैठा रहा। उसने यह भी दावा किया कि रात के समय उसने तारों को छुआ था, लेकिन उसे करंट नहीं लगा।
साढ़े आठ घंटे तक तारों के बीच रहा सुरक्षित
यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि जिस हाई-वोल्टेज ट्रांसफॉर्मर के पास बिजली विभाग के लाइनमैन भी बिना शटडाउन लिए जाने से बचते हैं, उस पर विक्रम करीब साढ़े आठ घंटे तक बिना किसी नुकसान के बैठा रहा। पुलिस विक्रम को थाने ले आई है और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।


