ENTERTAINMENT DESK : बॉलीवुड और पॉप म्यूजिक की दुनिया से जुड़ी सिंगर ध्वनि भानुशाली ने अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू कर दिया है। उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड यश भानुशाली के साथ सगाई की खुशखबरी सोशल मीडिया पर साझा की है। इस खास मौके की तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे के साथ रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। ध्वनि ने अपनी सगाई की अंगूठी की झलक भी फैंस को दिखाई है।
सूर्यास्त के बीच हुआ खास प्रपोजल
ध्वनि ने इंस्टाग्राम पर चार तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को नया नाम देने की जानकारी दी। तस्वीरों में कपल एक खूबसूरत आउटडोर लोकेशन पर दिखाई दे रहा है। पीछे झील, पहाड़ियां और डूबते सूरज का नजारा है। वहीं, आसपास सजाया गया टेंट, मोमबत्तियां और फूलों से बना खास सेटअप इस पल को और यादगार बना रहा है। एक तस्वीर में ध्वनि अपनी सगाई की अंगूठी दिखाती नजर आती हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में यश उनके गाल पर किस करते दिखाई देते हैं। एक अन्य फोटो में दोनों एक-दूसरे को गले लगाते हुए नजर आ रहे हैं।
‘कपकेक फॉर लाइफ’ कहकर साझा की खुशी
सगाई की तस्वीरों के साथ ध्वनि ने एक प्यारा-सा संदेश भी लिखा। उन्होंने यश को अपना ‘कपकेक फॉर लाइफ’ बताते हुए कहा कि उन्होंने शादी के प्रस्ताव के लिए हां कह दी है। उनकी पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने दोनों को बधाइयां दीं।
‘वास्ते’ और ‘दिलबर’ से मिली पहचान
ध्वनि भानुशाली भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान रखती हैं। उन्हें खास लोकप्रियता ‘वास्ते’ गाने से मिली। इसके अलावा उन्होंने ‘दिलबर’, ‘लेजा रे’, ‘दुनिया’, ‘साइको सैयां’ और ‘नयन’ जैसे गानों में अपनी आवाज दी है।’दिलबर’ गाना फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ का हिस्सा था, जबकि ‘दुनिया’ फिल्म ‘लुका छुपी’ में सुनाई दिया था। गायकी के साथ ध्वनि ने अभिनय की दुनिया में भी कदम रखा है। साल 2024 में वह फिल्म ‘कहां शुरू कहां खत्म’ में नजर आई थीं। ध्वनि की सगाई की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसक अब कपल को नए सफर की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।


