HomePunjabजाखड़ की केजरीवाल को चुनौती, बोले- पंजाब आकर बनवाइए अपना वोट

जाखड़ की केजरीवाल को चुनौती, बोले- पंजाब आकर बनवाइए अपना वोट

चंडीगढ़। पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अरविंद केजरीवाल को मिली जान से मारने की धमकी के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जाखड़ ने आरोप लगाया कि केजरीवाल को धमकी मिलने का पूरा मामला एक राजनीतिक ड्रामा है, जिसे आम आदमी पार्टी ने खुद रचा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामला इंटर-स्टेट है तो इसकी FIR मोहाली में क्यों दर्ज की गई है? जाखड़ ने इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से करवाने की मांग भी की।

जाखड़ ने कहा कि केजरीवाल को व्हाट्सएप के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने और करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने की बात सामने आई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कोई पागल ही होगा जो किसी अरबपति से करोड़ों रुपये मांगने की कोशिश करेगा। जाखड़ के मुताबिक, पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है और गांव-गांव में फिरौती मांगी जा रही है। उन्होंने कहा, “केजरीवाल साहब, ये कांटे आपके ही बोए हुए हैं और अब इन्हें आपको ही चुनना पड़ेगा।”

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को लूटने का काम किया है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और फिरौती के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई का जिक्र करते हुए कहा कि अब AAP के नेता उसका नाम लेने लगे हैं। जाखड़ ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह पहले लॉरेंस बिश्नोई का वीडियो इंटरव्यू करवाया गया था, उसी तरह अब भी उससे सवाल पूछ लिए जाएं।

AAP पर उग्रवादियों से संबंध रखने के लगाए आरोप

सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी पर पंजाब का माहौल खराब करने और नफरत फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2017 में पंजाब की जनता ने AAP को सत्ता में आने से रोककर प्रदेश को बचा लिया था, वरना हालात और ज्यादा खराब हो सकते थे। उन्होंने मनीष सिसोदिया के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि साम, दाम, दंड और भेद से चुनाव जीतने की बात कही गई थी।

जाखड़ ने आरोप लगाया कि AAP ने धर्म और धार्मिक भावनाओं के नाम पर भी लोगों को गुमराह किया है। उन्होंने पार्टी में आपराधिक मामलों का सामना कर रहे लोगों को शामिल करने पर सवाल उठाए और कांग्रेस पर भी 128 मुकदमों वाले अपराधियों को पार्टी में शामिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब यही स्थिति आम आदमी पार्टी में भी दिखाई दे रही है।

पंजाब पुलिस की सुरक्षा और कार्रवाई पर उठाए सवाल

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कुछ ऐसे नेताओं को भी पुलिस सुरक्षा दी जा रही है, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि आधी पंजाब पुलिस कुछ नेताओं के परिवारों की सुरक्षा में लगी हुई है, जबकि प्रदेश में कई गंभीर मामलों की जांच अधूरी पड़ी है।

जाखड़ ने सवाल उठाया कि केजरीवाल को मिली धमकी का मामला मोहाली में क्यों दर्ज किया गया है? उन्होंने कहा कि यह इंटर-स्टेट मामला है, इसलिए इसकी जांच NIA को सौंपी जानी चाहिए। उन्होंने पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पुलिस प्रदेश के कई मामलों को सुलझाने में सफल नहीं हो रही तो इस मामले में क्या कार्रवाई करेगी?

चुनाव और अकाली दल से गठबंधन पर भी बोले जाखड़

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जाखड़ ने 2027 के विधानसभा चुनाव और अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन को लेकर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर कोई भी फैसला भाजपा हाईकमान दिल्ली में करेगी। पंथक राजनीति पर उन्होंने कहा कि आजकल हर कोई खुद को पंथक बताता है, लेकिन असली पंथक लोगों के साथ गठबंधन पर विचार किया जा सकता है।

खुद चुनाव लड़ने के सवाल पर जाखड़ ने साफ कहा कि वह पहले भी चुनावी राजनीति से बाहर रहने की बात कह चुके हैं और अब भी अपने इसी फैसले पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो बदमाशों की आंखों में आंखें डालकर बात कर सके।

जाखड़ ने AAP नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि जिन लोगों को पार्टी ने टिकटें दी हैं, उनके बारे में जनता से फीडबैक लेकर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगली प्रेस कॉन्फ्रेंस वह इन नेताओं के घरों के बाहर जाकर करेंगे। साथ ही उन्होंने केजरीवाल और सिसोदिया पर पंजाब में माहौल खराब करने का आरोप लगाया।

SIR को लेकर भी दिया चैलेंज

जाखड़ ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) का जिक्र करते हुए कहा कि वह केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का वोट बनवाने की गारंटी देते हैं। उन्होंने चुनौती दी कि दोनों नेता पंजाब आएं और यहां अपना वोट बनवाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP के नेता अब भगवंत मान की तस्वीर आगे कर रहे हैं, जबकि पहले पार्टी के प्रचार में केजरीवाल की तस्वीर प्रमुखता से दिखाई जाती थी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में जाखड़ ने कहा कि पंजाब की जनता आने वाले समय में आम आदमी पार्टी को जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP प्रदेश से जाने से पहले ऐसे हालात पैदा कर रही है, जिनका खामियाजा पंजाब के लोगों को भुगतना पड़ सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments