Punjab News: जालंधर के एक रिहायशी इलाके में तेज रफ्तार कार चलाने से मना करना एक रिटायर्ड एनएसजी कमांडो को भारी पड़ गया। रिटायर्ड कमांडो संदीप कुमार ने पंजाब पुलिस के एक एएसआई (ASI) पर बदसलूकी करने, थप्पड़ मारने और गला पकड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। इस हाथापाई के दौरान उनके गले पर चोट आई है और उनका मोबाइल फोन भी टूट गया।
कैसे शुरू हुआ विवाद? संदीप कुमार के अनुसार, शुक्रवार देर शाम वह अपने पालतू कुत्ते के साथ घर के बाहर खड़े थे। तभी एक एएसआई तेज रफ्तार में अपनी स्विफ्ट कार लेकर वहां से गुजरा। संदीप ने किसी तरह अपने कुत्ते को कार की चपेट में आने से बचाया और एएसआई को रिहायशी क्षेत्र में गाड़ी धीमी चलाने की सलाह दी। आरोप है कि इसी बात से भड़के एएसआई ने उनके साथ बहस शुरू कर दी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
समझौते का दबाव बनाने का आरोप, पुलिस के आला अधिकारियों से जांच की मांग रिटायर्ड कमांडो ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट करने के बाद पुलिसकर्मी ने उल्टा उन्हीं के खिलाफ 112 नंबर पर शिकायत कर दी। संदीप का दावा है कि आरोपी एएसआई की पत्नी पुलिस विभाग में एसएचओ (SHO) के पद पर तैनात हैं, जिसके चलते अब उन पर मामले में समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है।
संदीप कुमार ने सिविल अस्पताल से अपनी मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) कटवा ली है और रामा मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। उन्होंने जालंधर के पुलिस कमिश्नर और पंजाब के डीजीपी से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी एएसआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल इस घटना पर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


