ENTERTAINMENT DESK : बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियां 16 नवंबर को मुंबई में आयोजित गुरुजी के वार्षिक महासत्संग में शामिल हुईं। ITC मराठा होटल में हुए इस धार्मिक आयोजन में फिल्मी सितारों ने गुरुजी (निर्मल सिंह जी महाराज) का आशीर्वाद लिया और भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह आयोजन चर्चा में आ गया है।
आरती के दौरान भावुक हुईं चाहत खन्ना, भूमि पेडनेकर ने भी की पूजा
महासत्संग के दौरान अभिनेत्री भूमि पेडनेकर पारंपरिक बैंगनी रंग के सूट में नजर आईं। उन्होंने श्रद्धा के साथ आरती में हिस्सा लिया और हाथ जोड़कर प्रार्थना करती दिखाई दीं। वहीं, अभिनेत्री चाहत खन्ना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह आंखें बंद करके प्रार्थना करते हुए भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू निकलने लगे। इस दृश्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। अभिनेता नील नितिन मुकेश भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। वह श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित करते नजर आए।
भूषण कुमार और हिमेश रेशमिया समेत कई सितारे पहुंचे
इस महासत्संग में बॉलीवुड और मनोरंजन जगत की कई अन्य हस्तियों ने भी शिरकत की। इनमें भूषण कुमार, हिमेश रेशमिया, सेलिना जेटली, गुनीत मोंगा, ललित पंडित, रोहन गांधीत्रा, सोनाली सहगल, साहिल सलाथिया, पूजा चोपड़ा और राय लक्ष्मी सहित कई नाम शामिल रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी पहुंचे। भजन-कीर्तन के बाद लोगों ने गुरुजी से जुड़े अपने अनुभव, आस्था और जीवन में आए बदलावों की बातें साझा कीं।
कौन हैं गुरुजी?
गुरुजी को उनके अनुयायी गुरुजी छतरपुर वाले, दुगरी वाले गुरुजी और शुक्राना गुरुजी के नाम से भी जानते हैं। उनका वास्तविक नाम निर्मल सिंह जी महाराज था। उनका जन्म 7 जुलाई 1952 को पंजाब के दुगरी गांव में हुआ था।
उनके अनुयायी उन्हें भगवान शिव का स्वरूप मानते हैं। समय के साथ देशभर में उनके भक्तों की संख्या बढ़ी और बॉलीवुड की कई हस्तियां भी उनकी शिक्षाओं और आध्यात्मिक आयोजनों से जुड़ीं। जैकलीन फर्नांडिस, हेमा मालिनी और कपूर परिवार सहित कई चर्चित हस्तियां उनके प्रति अपनी आस्था जता चुकी हैं। मुंबई में आयोजित इस वार्षिक महासत्संग में फिल्मी सितारों की मौजूदगी ने एक बार फिर बॉलीवुड और आध्यात्मिक आयोजनों के जुड़ाव को चर्चा में ला दिया है।


