ENTERTAINMENT DESK: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के नए सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए निराश करने वाली खबर है। सीरीज के पांचवें सीजन की रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया है। मेकर्स ने साफ कर दिया है कि ‘पंचायत सीजन 5’ अब साल 2026 में दर्शकों के बीच नहीं आएगा। इस जानकारी के साथ प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार पोस्ट भी साझा किया है।
बनराकस के अंदाज में दी गई रिलीज टलने की जानकारी
मेकर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो तस्वीरों वाला पोस्ट शेयर किया। पहली तस्वीर में साफ लिखा है कि ‘पंचायत सीजन 5’ इस साल रिलीज नहीं होगा। वहीं, दूसरी तस्वीर में सीरीज में बनराकस यानी भूषण शर्मा का किरदार निभाने वाले अभिनेता दुर्गेश कुमार हाथ जोड़कर नजर आ रहे हैं। पोस्ट के कैप्शन में मजाकिया अंदाज में लिखा गया, ‘बताते हुए खेद है, पंचायत का अगला सीजन कैद है।’ इस अनोखे तरीके से मेकर्स ने दर्शकों को रिलीज में देरी की जानकारी दी।
सीरीज में गणेश उर्फ दामाद जी का किरदार निभाने वाले अभिनेता आसिफ खान ने भी इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने किरदार के चर्चित अंदाज में लिखा, ‘गजब खराब व्यवस्था है यार।’
पहले 2026 में रिलीज होने की थी उम्मीद
‘पंचायत’ के पांचवें सीजन को लेकर पहले उम्मीद जताई गई थी कि यह 2026 में रिलीज होगा। 2025 में द वायरल फीवर (TVF) के अध्यक्ष विजय कोशी ने भी इसके 2026 में आने की जानकारी दी थी। हालांकि, अब मेकर्स की नई घोषणा के बाद दर्शकों को अगले सीजन के लिए और इंतजार करना पड़ेगा। फिलहाल मेकर्स ने सीजन 5 की नई रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है।
सीजन 4 के अंत में बदल गई थी फुलेरा की सत्ता
‘पंचायत सीजन 4’ का अंत गांव की राजनीति में बड़े बदलाव के साथ हुआ था। पंचायत चुनाव में क्रांति देवी ने मंजू देवी को हराकर प्रधान की कुर्सी हासिल कर ली थी। इसके साथ ही प्रधान जी यानी रघुबीर यादव और मंजू देवी यानी नीना गुप्ता की लंबे समय से चली आ रही सत्ता खत्म हो गई थी। इस जीत के बाद भूषण शर्मा उर्फ बनराकस और उसके समर्थकों का प्रभाव गांव में बढ़ गया। अब नए सीजन में इसी बदले हुए राजनीतिक माहौल के बीच कहानी आगे बढ़ने की उम्मीद है।
क्या होगी सीजन 5 की कहानी?
मेकर्स की ओर से जारी आधिकारिक कहानी के संकेतों के मुताबिक, नए प्रधान के नेतृत्व में सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी को काम के दौरान मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा। वहीं, अभिषेक अपनी MBA की पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं पर आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन फुलेरा में अधूरे काम और पुराने मामलों को निपटाए बिना उनके लिए आगे बढ़ना आसान नहीं होगा। सीरीज में जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता और रघुबीर यादव जैसे कलाकारों की वापसी की उम्मीद है। हालांकि, पांचवें सीजन की रिलीज तारीख को लेकर दर्शकों को अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।


