ENTERTAINMENT DESK : साउथ सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री साई पल्लवी ने अपने सह-कलाकार धनुष से फिल्मों में अभिनय जारी रखने की अपील की है। अपनी आगामी फिल्म ‘OM: Chapter One’ के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहतीं कि धनुष भी अभिनेता विजय की तरह राजनीति में आने के बाद फिल्मों से दूरी बना लें।
कार्यक्रम में साई पल्लवी ने बताया कि आयोजन स्थल पर पहुंचते समय रास्ते में उन्हें कई राजनीतिक झंडे दिखाई दिए। इसे देखकर उन्हें लगा कि जैसे वह किसी फिल्मी कार्यक्रम के बजाय राजनीतिक सभा में जा रही हैं। इसके बाद उन्होंने धनुष को संबोधित करते हुए उनके भविष्य के फैसलों के लिए शुभकामनाएं दीं और अपनी इच्छा जाहिर की कि वह अभिनय जारी रखें।
विजय का उदाहरण देकर कही अपनी बात
साई पल्लवी ने अपनी बात रखते हुए अभिनेता विजय का जिक्र किया, जिन्होंने राजनीति में सक्रिय होने के बाद फिल्मों से दूरी बना ली है। साई ने कहा कि एक अभिनेत्री होने के नाते वह सोचती हैं कि विजय के राजनीति में जाने और अभिनय छोड़ने के बाद दर्शक उन्हें फिल्मों में याद करते हैं। इसलिए वह उम्मीद करती हैं कि धनुष लगातार फिल्मों में काम करते रहें।
धनुष की अदाकारी को बताया खास
साई पल्लवी ने धनुष के अभिनय और उनकी फिल्मों में दिखाई जाने वाली वास्तविक कहानियों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि धनुष जैसे कलाकारों की परफॉर्मेंस दर्शकों पर लंबे समय तक प्रभाव छोड़ती है। उन्होंने धनुष की फिल्म ‘Polladhavan’ का उदाहरण देते हुए बताया कि फिल्म देखने के बाद कई लोगों ने वैसी बाइक खरीदी और उस फिल्म के अंदाज को अपनाया। उनके मुताबिक, किसी कलाकार की असली पहचान यही है कि उसका काम दर्शकों को इस तरह प्रभावित करे।
साई पल्लवी ने अपनी बात समाप्त करते हुए धनुष से अनुरोध किया कि वह चाहे भविष्य में कोई भी रास्ता चुनें, लेकिन अभिनय जारी रखें, क्योंकि दर्शक एक बेहतरीन कलाकार को फिल्मों में देखना मिस नहीं करना चाहते।
धनुष की राजनीति में एंट्री को लेकर चर्चाएं
धनुष के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं चल रही हैं, हालांकि इस कार्यक्रम में उन्होंने अपने फैसलों को लेकर किसी निश्चित राजनीतिक योजना की घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा कि उन्हें लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन उन्हें दिशा देने वाला कोई और नहीं, बल्कि भगवान हैं। उन्होंने अपने प्रशंसकों और जनता को भी अपने साथ बताया। धनुष और साई पल्लवी फिल्म ‘OM: Chapter One’ में फिर साथ नजर आने वाले हैं। इससे पहले दोनों 2018 में आई फिल्म ‘मारी 2’ में साथ काम कर चुके हैं।


