सियासी हलचल: हरियाणा में कांग्रेस के 5 विधायकों को नोटिस, क्या खतरे में है पार्टी की एकजुटता?

Haryana

Haryana Desk: हरियाणा की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मामले में कांग्रेस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कांग्रेस अनुशासन समिति ने अब पांचवें विधायक के तौर पर रतिया से विधायक जरनैल सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी ने उनसे 7 दिन के भीतर अपना पक्ष रखने और जवाब देने को कहा है।

जरनैल सिंह का नाम सामने आने से पहले चार अन्य विधायकों—शैली चौधरी (नारायणगढ़), रेनू बाला (साढौरा), मोहम्मद इलियास (पुन्हाना) और मोहम्मद इजराइल (हथीन)—को पहले ही नोटिस थमाया जा चुका था। पांचवें विधायक के नाम को लेकर काफी समय से सस्पेंस बना हुआ था, जो अब जरनैल सिंह के नाम के साथ खत्म हो गया है।

दिलचस्प बात यह है कि जरनैल सिंह ने रतिया सीट पर 30 साल के लंबे अंतराल के बाद कांग्रेस की जीत दर्ज कराई थी। हालांकि, पिछले कुछ समय से उनके सुर बदले हुए नजर आ रहे थे और उन्होंने कई सार्वजनिक मंचों पर भाजपा सरकार के कामकाज की सराहना भी की थी। इसी कारण उनके पाला बदलने की अटकलें तेज थीं, जो अब नोटिस के रूप में सामने आई हैं।

कांग्रेस नेतृत्व ने इस क्रॉस वोटिंग को अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जरनैल सिंह और अन्य विधायक इस नोटिस का क्या जवाब देते हैं और पार्टी आलाकमान उनके खिलाफ आने वाले समय में क्या सख्त कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *