Sports Desk: IPL 2026 के आगाज से पहले लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाड़ी अर्जुन तेंदुलकर को लेकर क्रिकेट जगत में बहस तेज हो गई है। इस विवाद की शुरुआत भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के एक बयान से हुई, जिसमें उन्होंने अर्जुन के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने पर संदेह जताया।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि लखनऊ की टीम में मयंक यादव, मोहसिन खान, आवेश खान और मोहम्मद शमी जैसे धाकड़ गेंदबाजों की मौजूदगी के चलते अर्जुन के लिए जगह बनाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य गेंदबाज चोटिल नहीं होते, अर्जुन खेलते हुए नजर नहीं आ रहे हैं।
अश्विन की इस टिप्पणी पर पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह बुरी तरह भड़क गए हैं। योगराज ने तीखे लहजे में पलटवार करते हुए कहा कि अश्विन बेकार की बातें कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि टीवी पर बैठकर किसी के बारे में ऐसी राय देने वाले अश्विन आखिर होते कौन हैं।
योगराज सिंह, जो पहले अर्जुन को ट्रेनिंग दे चुके हैं, का मानना है कि अर्जुन को गलत तरीके से सिर्फ एक गेंदबाज के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अर्जुन की बल्लेबाजी क्षमता बहुत मजबूत है और अगर सही मार्गदर्शन मिले, तो वह एक बेहतरीन ऑलराउंडर साबित हो सकते हैं।
योगराज ने यह भी खुलासा किया कि जब अर्जुन उनके पास थे, तब उन्होंने युवराज सिंह से भी कहा था कि लोग अर्जुन की गलत चीजों पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कोचों पर भी सवाल उठाए और कहा कि अगर वे अर्जुन को सही तरह से तैयार नहीं कर सकते, तो उसे वापस मेरे पास भेज देना चाहिए।