Sports Desk: मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के अपने पहले ही मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को हराकर इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही टीम ने पिछले 13 सीजन से चला आ रहा ‘पहले मैच में हार’ का सूखा खत्म कर दिया है। मुंबई इंडियंस के लिए यह जीत किसी उत्सव से कम नहीं है, क्योंकि टीम ने आखिरी बार सीजन का अपना पहला मैच अप्रैल 2012 में जीता था। तब से लेकर अब तक, पांच बार चैंपियन बनने के बावजूद मुंबई हमेशा अपना पहला मैच हारती आई थी। कप्तान हार्दिक पंड्या ने जीत के बाद राहत की सांस लेते हुए कहा कि इस पल का उन्हें और पूरी टीम को बहुत लंबे समय से इंतजार था।
मैच की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहाड़ जैसा 220 रनों का स्कोर खड़ा किया था। केकेआर की ओर से कप्तान अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) ने शानदार अर्धशतक जड़े। हालांकि, हार्दिक का मानना है कि उनके गेंदबाजों ने बेहतरीन काम किया, वरना जिस तरह की पिच थी, केकेआर आसानी से 240-250 रन बना सकती थी।
221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को रोहित शर्मा और रेयान रिकलटन ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए महज 148 रनों की साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख मोड़ दिया। रोहित शर्मा ने अपनी पारी में 8 छक्के जड़ते हुए 78 रन बनाए, वहीं रिकलटन ने 81 रनों की आतिशी पारी खेली। मुंबई ने यह लक्ष्य 19.1 ओवर में हासिल कर 6 विकेट से जीत दर्ज की।
हार्दिक ने टीम चयन पर बात करते हुए बताया कि रेयान रिकलटन को क्विंटन डिकॉक पर प्राथमिकता देना एक कठिन फैसला था, लेकिन टीम की निरंतरता के लिए यह जरूरी था। उन्होंने रोहित शर्मा की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनके कुछ शॉट्स देखकर हर कोई हैरान रह जाता है। इस जीत के साथ मुंबई ने टूर्नामेंट का आगाज बेहद धमाकेदार अंदाज में किया है।