Haryana Desk: वियतनाम में आयोजित अंडर-23 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में भारतीय फ्रीस्टाइल कुश्ती टीम ने इतिहास रच दिया है। भारतीय पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ‘टीम चैंपियनशिप ट्रॉफी’ पर कब्जा जमाया। इस प्रतियोगिता में भारत ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि किर्गिस्तान दूसरे और कजाकिस्तान तीसरे स्थान पर रहा। भारत को चैंपियन बनाने में हरियाणा के पहलवानों का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने देश की झोली में आए 3 स्वर्ण (गोल्ड) समेत कुल 8 पदक डाले।
हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए कुल 3 स्वर्ण, 3 रजत (सिल्वर) और 2 कांस्य (ब्रॉन्ज) मेडल अपने नाम किए।
गोल्ड मेडल जीतने वाले हरियाणा के सूरमा:
-
मोहित (झज्जर): 65 किलोग्राम भारवर्ग में देश को स्वर्ण पदक दिलाया।
-
चंद्रमोहन (हिसार): 79 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड जीता।
-
विक्की हुड्डा (रोहतक): 97 किलोग्राम भारवर्ग में विरोधी को चित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।
रजत और कांस्य पदक विजेताओं की सूची:
रजत पदक (Silver Medals):
-
दीपक (सोनीपत): 61 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीता।
-
पुनीत (झज्जर): 92 किलोग्राम वर्ग में दूसरे स्थान पर रहे और रजत पदक हासिल किया।
-
लकी (जींद): 125 किलोग्राम (हैवीवेट) वर्ग में दमदार खेल दिखाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
कांस्य पदक (Bronze Medals):
-
दीपक (हिसार): 74 किलोग्राम भारवर्ग में देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया।
-
सचिन मोर: 86 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार वापसी करते हुए कांस्य पदक जीता।
हरियाणा के इन पहलवानों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर अपनी कुश्ती का लोहा मनवाया है और पूरे देश सहित प्रदेश में खुशी का माहौल है।