काकामिगाहारा (जापान): भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज हॉकी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने डिफेंडिंग चैंपियन और मेजबान जापान को 4-1 से करारी शिकस्त दी।
इस टूर्नामेंट में जापान की टीम अब तक अजेय चल रही थी और उसने पूल राउंड में भारत को भी हराया था, लेकिन फाइनल में टीम इंडिया ने मेजबानों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत तीन ट्रॉफी जीतकर टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे सफल देश बन गया है, जबकि पाकिस्तान दो खिताबों के साथ दूसरे नंबर पर है।
मैच का लेखा-जोखा: शुरुआती मिनटों से ही भारत का दबदबा
भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और दूसरे ही मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को आशीष तानी पूर्ति ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद दूसरे क्वार्टर के आखिरी पलों में भारतीय खिलाड़ियों ने मैच पर पूरी तरह शिकंजा कस लिया:
-
28वां मिनट: आशीष तानी पूर्ति ने भारत के लिए दूसरा गोल दागा।
-
30वां मिनट: केतन कुशवाहा ने शानदार फील्ड गोल करके स्कोर 3-0 कर दिया।
आशीष तानी पूर्ति की शानदार हैट्रिक
तीसरे क्वार्टर के चौथे मिनट में आशीष ने मैच का अपना तीसरा गोल दागकर न सिर्फ अपनी हैट्रिक पूरी की, बल्कि भारत की बढ़त को 4-0 कर दिया। सेमीफाइनल में मलेशिया को 8-1 से रौंदने वाली जापानी टीम इस मैच में बेबस नजर आई। जापान की तरफ से एकमात्र गोल 52वें मिनट में नुमादा गाकू ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए किया। इसके बाद भारतीय डिफेंस ने जापान को कोई मौका नहीं दिया और 4-1 से मैच जीतकर कप पर कब्जा कर लिया।
आशीष बने टूर्नामेंट के ‘किंग’
भारतीय खिलाड़ी आशीष तानी पूर्ति इस पूरे टूर्नामेंट के सबसे सफल स्कोरर रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा 13 गोल दागे। खास बात यह रही कि फाइनल में भारत को मिले तीनों पेनल्टी कॉर्नर को आशीष ने गोल में तब्दील किया।
टॉप स्कोरर्स की सूची:
आशीष तानी पूर्ति (भारत): 13 गोल
केतन कुशवाहा (भारत) और यूं जेह्योक (साउथ कोरिया): 8-8 गोल
इस मुकाबले में जापान को चार पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय टीम के मजबूत डिफेंस ने उन्हें सिर्फ एक ही गोल करने दिया और देश को एक शानदार खिताबी जीत दिलाई।