चंडीगढ़: गर्मी पूरी तरह से विदा होने वाली है और इस बीच सर्दी की दस्तक होनी है। वैसे पंजाब में जल्द ही माैसम बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 5 अक्टूबर से राज्य में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी कर दिया है। ये अलर्ट तीन दिन के लिए है। रविवार, सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश की चेतावनी है। जिन जिलों के लिए यह अलर्ट है उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का और मुक्तसर शामिल हैं।
इसी प्रकार राजस्थान में 5 से 8 तारीख के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। राज्य में 6 से 8 अक्टूबर के दौरान बारिश की गतिविधियों में फिर बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। दरअसल, कच्छ क्षेत्र पर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया बना है। मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वानुमान के मुताबिक, कोटा, उदयपुर, भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के जिलों में 3 अक्टूबर तक कहीं-कहीं वर्षा दर्ज होने की संभावना है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश के लिए 4 और 5 अक्तूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिमी यूपी के लिए 6 और 7 तो येलो अलर्ट जारी किया गया है।
