मुल्लांपुर दाखा: थाना दाखा पुलिस ने एक नाबालिग लड़की से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और मारपीट करने के संगीन मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनु शाह पुत्र विजेंदर शाह के रूप में हुई है, जिस पर पोक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 28 सितंबर, 2025 को घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद, 1 अक्टूबर को बेटी ने एक अनजान नंबर से फोन कर खुद के लुधियाना में होने की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार उसे घर वापस लाया।
घर आकर पीड़िता ने अपने साथ हुई दरिंदगी के बारे में बताया। उसने कहा कि उसके दोस्त मनु शाह ने उसे शादी करने का झांसा दिया और जरूरी कागजात व पैसे लेकर घर से बुला लिया। आरोपी उसे अपनी बाइक पर बैठाकर लुधियाना के एक होटल में ले गया, जहां उसने शादी का वादा कर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया।
थाना दाखा के प्रमुख हमराज सिंह चीमा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया गया है और आरोपी मनु शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर किरणदीप कौर को सौंपी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
