HomePunjabPM मोदी के जन्मदिन पर तरुण चुघ ने श्री हरिमंदिर साहिब में...

PM मोदी के जन्मदिन पर तरुण चुघ ने श्री हरिमंदिर साहिब में टेका माथा, पंजाब की कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

अमृतसर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होकर गुरु चरणों में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए अरदास की। उन्होंने श्री दरबार साहिब में सेवा भी निभाई।

पत्रकारों से बातचीत में तरुण चुघ ने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब की पवित्र धरती से सत्य के मार्ग पर चलने और जनसेवा के लिए नई प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन का अधिकांश समय देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है।

चुघ ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक प्रगति कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारत 7.8 प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया है, लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं और बड़ी संख्या में नागरिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित पंजाब का निर्माण भी जरूरी है।

पंजाब की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

पंजाब के मौजूदा हालात को लेकर तरुण चुघ ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और पीरों की धरती है और यहां आपसी भाईचारे की परंपरा रही है। उनके मुताबिक कुछ असामाजिक तत्व राज्य के माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

चुघ ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और राज्य सरकार आम नागरिकों तथा विसलब्लोअर्स को पर्याप्त सुरक्षा देने में विफल रही है। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments