चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर परगट सिंह की ताजपोशी के बाद संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने दिल्ली में परगट सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष पद में बदलाव के बाद दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन में एकजुटता बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
परगट सिंह को बधाई देने पहुंचे राजा वड़िंग
जानकारी के मुताबिक, राजा वड़िंग नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह को बधाई देने उनके आवास पहुंचे थे। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान पंजाब कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक स्थिति के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
मुलाकात के दौरान परगट सिंह ने राजा वड़िंग को गुरुवार को अमृतसर पहुंचने का न्योता भी दिया।
अमृतसर से शुरू होगा परगट सिंह का पंजाब दौरा
परगट सिंह 8 अक्टूबर से अपने पंजाब दौरे की शुरुआत अमृतसर से करने जा रहे हैं। कार्यक्रम के तहत वह सबसे पहले श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकेंगे। इसके बाद पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
इस कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के भी शामिल होने की संभावना है। पार्टी की कोशिश है कि नए प्रदेश अध्यक्ष के पहले बड़े कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाकर संगठन की एकजुटता का संदेश दिया जाए।
वड़िंग की मौजूदगी पर टिकी नजरें
अमृतसर में परगट सिंह के कार्यक्रम में राजा वड़िंग की संभावित मौजूदगी को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष पद में बदलाव के बाद यह पहला बड़ा अवसर हो सकता है, जब पूर्व और नए प्रदेश अध्यक्ष एक साथ सार्वजनिक मंच पर नजर आएं।
ऐसे में कांग्रेस की कोशिश 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर सामूहिक नेतृत्व और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देने की है। दोनों नेताओं की मुलाकात को भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।


