अमृतसर। पंजाब को नशा और अपराध मुक्त बनाने की मुहिम के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े तीन नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 8 अवैध पिस्तौल, 8.536 किलोग्राम हेरोइन और 12.95 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद होने का दावा किया गया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे हैंडलरों से संपर्क होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेश से अवैध हथियार और हेरोइन की खेप हासिल कर आगे दूसरे अपराधियों तक पहुंचाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पहले ऑपरेशन में चार आरोपी गिरफ्तार
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले दर्शन सिंह उर्फ चन्ना और सतनाम सिंह को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल बरामद की गईं।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उनके दो अन्य साथियों महाबीर सिंह और लवप्रीत सिंह उर्फ लव को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चार और अवैध पिस्तौल बरामद होने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक, इन चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें कथित हेरोइन तस्करी से जुड़े NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी के मामले शामिल हैं।
दूसरे ऑपरेशन में 3.5 किलो हेरोइन बरामद
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने हरमन सिंह उर्फ हम्मा, नरिंदर सिंह उर्फ रोबा और करण सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, इनके कब्जे से 3.5 किलोग्राम हेरोइन, एक अवैध पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और 12.10 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों द्वारा कथित आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।
दो भाइयों को भी पुलिस ने पकड़ा
तीसरे ऑपरेशन में पुलिस टीम ने गुरजंत सिंह उर्फ गुढ़ा और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी भाई बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इनके कब्जे से 5.01 किलोग्राम हेरोइन, एक अवैध पिस्तौल और 85 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।
पुलिस का कहना है कि दोनों भाई कथित तौर पर हेरोइन की तस्करी से जुड़े हुए थे।
विदेश में बैठे हैंडलरों से कनेक्शन की जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विदेश में मौजूद हैंडलरों से संपर्क की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में कितने अन्य लोग शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे और पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि नशे और अवैध हथियारों की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाकर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।


