सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के बड़वासनी गांव में आपसी विवाद के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई। इस घटना में बड़वासनी निवासी अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद, चली गोली
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की रात करीब 10:15 बजे गांव की कश्यप चौपाल के पास मयूरा की किराना दुकान के सामने कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान गोली चला दी गई।
गोली अनिल की छाती के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से जुड़े कुछ फुटेज आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात भी सामने आई है।
गंभीर हालत में रोहतक PGI रेफर
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घायल अनिल को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर कर दिया। बाद में हालत में सुधार नहीं होने पर अनिल को बेहतर इलाज के लिए रोहतक PGI भेजा गया। वहीं, घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।


