नई दिल्ली। पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर करण औजला इन दिनों ऑस्ट्रेलिया टूर पर हैं। रविवार रात उन्होंने एडिलेड में लाइव कॉन्सर्ट किया, जिसमें बड़ी संख्या में फैंस पहुंचे। करण ने अपने हिट गानों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया, लेकिन इसी दौरान एक फैन की हरकत ने उनका मूड खराब कर दिया।
स्टेज पर जैकेट फेंकने से नाराज हुए करण
कॉन्सर्ट के दौरान करण औजला अपना लोकप्रिय गाना ‘विनिंग स्पीच’ परफॉर्म कर रहे थे। तभी एक फैन ने अपनी जैकेट उठाकर सीधे स्टेज पर फेंक दी। करण ने जैकेट को उठाया और गाना पूरा किया, लेकिन परफॉर्मेंस खत्म होने के बाद उन्होंने इस हरकत पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
करण ने स्टेज से ही फैन को फटकार लगाते हुए कहा कि अगर उसमें हिम्मत है तो सामने आकर बात करे। इसके बाद जब फैन की पहचान हुई तो करण का अंदाज थोड़ा हल्का हो गया और उन्होंने मजाकिया लहजे में उससे पूछा कि क्या उसे प्यार हो गया है और वह ऐसा करके पागलपन कर रहा है।
करण ने फैंस से की ऐसी हरकत न करने की अपील
करण औजला ने फैन को आगे से इस तरह की हरकत नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वह यहां किसी का मजाक उड़ाने या किसी का समय बर्बाद करने नहीं आए हैं। कॉन्सर्ट का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है। फैंस करण के गुस्से और उसके बाद उनके मजाकिया अंदाज पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।


