HomeEntertainmentरिया चक्रवर्ती ने याद किया जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर, बोलीं- परिवार...

रिया चक्रवर्ती ने याद किया जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर, बोलीं- परिवार को भी भुगतना पड़ा खामियाजा

नई दिल्ली। रिया चक्रवर्ती इन दिनों करण जौहर के रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ में नजर आ रही हैं। शो में उनका एक अलग अंदाज देखने को मिल रहा है। इसी बीच रिया फराह खान के ब्लॉग को लेकर भी चर्चा में हैं, जहां उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के बेहद मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की।

फराह खान से बातचीत के दौरान रिया ने उस समय को याद किया, जब सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद वह और उनका परिवार लंबे समय तक जांच और आरोपों के घेरे में रहा। रिया पर सुशांत की मौत में कथित संलिप्तता के आरोप लगे थे और उन्हें उनके भाई शौविक के साथ गिरफ्तार भी किया गया था। अभिनेत्री के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम का असर सिर्फ उन पर नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार पर पड़ा।

परिवार को भी झेलना पड़ा सामाजिक बहिष्कार

रिया ने बताया कि उस मुश्किल दौर में उनके परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उनके भाई शौविक ने 97 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और उन्हें IIM में दाखिला भी मिल गया था। हालांकि, गिरफ्तारी के चलते उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई और उनका पहला ट्राइमेस्टर निकल गया।

रिया के मुताबिक, परिवार ने कॉलेज की फीस समेत जरूरी भुगतान कर दिया था, लेकिन हालात इतने खराब हो गए कि शौविक की पढ़ाई पर भी इसका असर पड़ा।

पिता को नौकरी और परिवार को घर मिलने में हुई परेशानी

अभिनेत्री ने यह भी दावा किया कि उस दौर में उनके पिता को नौकरी देने के लिए लोग तैयार नहीं थे। इतना ही नहीं, उनके परिवार को सोसाइटी में घर लेने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

रिया ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस होने लगा था कि उनके परिवार को उनकी वजह से सजा मिल रही है। उन्होंने बताया कि उस समय उनकी और उनके परिवार की जिंदगी पूरी तरह अंधकार में डूब गई थी और उन्हें लगने लगा था कि सब कुछ खत्म हो रहा है।

मुश्किल वक्त में परिवार बना एक-दूसरे का सहारा

रिया ने बातचीत में कहा कि उस कठिन दौर में उनका परिवार ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। उन्होंने और उनके भाई शौविक ने मिलकर मुश्किल परिस्थितियों का सामना किया और अब दोनों साथ में कपड़ों का ब्रांड भी चलाते हैं।

रिया चक्रवर्ती धीरे-धीरे मनोरंजन की दुनिया में भी वापसी कर रही हैं। ‘द ट्रेटर्स 2’ में उनकी मौजूदगी को इसी वापसी की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments