नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को दिल्ली के कोटला मैदान में अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए। तेज गेंदबाज नवदीप सैनी की शॉर्ट गेंद से बचने की कोशिश में उनकी पीठ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया।
घटना के तुरंत बाद ईशान किशन दर्द के कारण क्रीज पर ही बैठ गए। टीम के फिजियो कमलेश जैन ने नेट्स में पहुंचकर उनकी जांच की और प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद फिजियो की मदद से ईशान मैदान से बाहर गए। इस दौरान वह अपनी कमर के निचले हिस्से को पकड़े हुए नजर आए। चोट के बाद उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी नहीं की।
लगातार क्रिकेट खेलने का पड़ा असर
ईशान की चोट को उनके लगातार क्रिकेट खेलने और बढ़ते वर्कलोड से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले कुछ समय से वह लगातार राष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं। आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के दौरों के बाद उन्हें आराम का ज्यादा मौका नहीं मिला।
राष्ट्रीय टीम की व्यस्तताओं के बाद ईशान को ईस्ट जोन की कप्तानी की जिम्मेदारी मिली। उन्होंने लाल गेंद के क्रिकेट में टीम की अगुआई करते हुए लगातार तीन प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले। इसके तुरंत बाद दलीप ट्रॉफी के फाइनल में भी उन्होंने लंबी पारी खेली।
दलीप ट्रॉफी में बल्ले से मचाया था धमाल
दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईशान किशन ने साउथ जोन के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की थी। चेन्नई की गर्म और उमस भरी परिस्थितियों में उन्होंने पहली पारी में 270 रन की मैराथन पारी खेली, जबकि दूसरी पारी में भी 80 रन बनाए।
दोनों पारियों में लंबे समय तक बल्लेबाजी करने के बाद शुक्रवार को नेट्स में भी ईशान अच्छी लय में नजर आ रहे थे। वह स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे और कई बड़े शॉट लगाए। हालांकि, नवदीप सैनी की एक शॉर्ट गेंद पर बचाव करते समय उनकी पीठ में खिंचाव आ गया और अभ्यास सत्र बीच में ही छोड़ना पड़ा।
अगले 24 घंटे अहम
फिलहाल भारतीय टीम की मेडिकल टीम ईशान किशन की चोट पर नजर बनाए हुए है। उनकी चोट कितनी गंभीर है, इसका सही आकलन आराम और मेडिकल जांच के बाद ही हो पाएगा। टीम मैनेजमेंट के लिए अगले 24 घंटे अहम माने जा रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ईशान किशन अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज शुरू होने तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे। उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला मेडिकल टीम की रिपोर्ट के बाद ही लिया जाएगा।


