कपूरथला। कपूरथला के गांव बूट में किसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घायलों को देर शाम उपचार के लिए कपूरथला के सिविल अस्पताल लाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ और उपचार के दौरान दोनों पक्षों के लोग इमरजेंसी वार्ड में ही आपस में भिड़ गए।
देखते ही देखते सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और वार्ड जंग का मैदान बन गया। दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डीएसपी डॉ. शीतल सिंह भारी पुलिस बल के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे और मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया और माहौल शांत कराया गया।
दोनों पक्षों के 8 से 10 लोग घायल
सिविल अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर के अनुसार, देर शाम गांव बूट से दोनों पक्षों के करीब 8 से 10 घायल अस्पताल पहुंचे थे। इमरजेंसी में उनका उपचार शुरू किया गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के अन्य लोग भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए।
कुछ देर बाद दोनों पक्षों के लोगों के बीच इमरजेंसी वार्ड में ही दोबारा विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और स्थिति बेकाबू होने लगी। अस्पताल प्रशासन ने बिना देरी किए पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों पक्षों के घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और झगड़े के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।


