ENTERTAINMENT DESK : बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान का दिवाली लुक अब एक विवाद का विषय बन गया है। उनके सोशल मीडिया पर साझा किए गए तस्वीरों में नजर आए एक शाही पेंडेंट को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अब्बास हफीज ने आपत्ति जताई है। उन्होंने अभिनेत्री और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजकर तस्वीरें हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
30 कैरेट के पन्ने वाले पेंडेंट को लेकर उठाया सवाल
विवाद करीना के गले में नजर आए करीब 30 कैरेट के पन्ने के पेंडेंट को लेकर है। इस पर कुरान की आयत ‘आयतुल कुर्सी’ अंकित होने की बात कही गई है। यह आयत पवित्र कुरान के दूसरे अध्याय सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत है। बताया गया है कि यह आभूषण भोपाल के पूर्व शाही परिवार की विरासत से जुड़ा हुआ है और बेगम ऑफ भोपाल का रहा है। करीना ने इसे डिजाइनर पुनीत बालाना के पारंपरिक परिधान के साथ पहना था। उनकी इस दिवाली लुक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई थीं।
अब्बास हफीज ने धार्मिक महत्व का हवाला दिया
अब्बास हफीज का कहना है कि पेंडेंट पर अंकित कुरान की आयत धार्मिक दृष्टि से बेहद पवित्र है और इसे सामान्य फैशन एक्सेसरी की तरह प्रदर्शित करना उचित नहीं है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी आपत्ति करीना के कपड़ों या आभूषण पहनने की व्यक्तिगत पसंद से नहीं, बल्कि पवित्र आयत को प्रदर्शित करने के तरीके से है। हफीज ने नोटिस के माध्यम से संबंधित तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया से हटाने, सार्वजनिक माफी देने तथा भविष्य में ऐसी प्रस्तुति से बचने का आश्वासन देने की मांग की है।
कांग्रेस नेता ने इसे निजी कदम बताया
अब्बास हफीज ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने यह कानूनी कदम अपनी व्यक्तिगत हैसियत से उठाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को कांग्रेस पार्टी की विचारधारा या आधिकारिक रुख से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। पार्टी की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक पक्ष जारी किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
करीना और रिया कपूर की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल करीना कपूर खान और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर की ओर से कानूनी नोटिस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि अभिनेत्री इस नोटिस का क्या जवाब देती हैं और क्या सोशल मीडिया से संबंधित तस्वीरें हटाई जाती हैं।


