नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर कुमार सानू ने अपने करियर के एक ऐसे दौर का खुलासा किया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि 90 के दशक में वह दो बार दुबई गए थे और वहां अंडरवर्ल्ड से जुड़े कार्यक्रमों में गाना गाया था। सानू के मुताबिक, पहली बार उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि कार्यक्रम के आयोजक कौन हैं। बाद में जब पार्टी की तस्वीरें अखबारों में प्रकाशित हुईं, तब उन्हें पूरी स्थिति का अंदाजा हुआ।
दाऊद के सामने गाए थे गाने
कुमार सानू ने बताया कि संगीतकार नदीम उन्हें एक जन्मदिन की पार्टी में गाने के लिए दुबई ले गए थे। उस समय उन्हें यह नहीं बताया गया था कि पार्टी किसकी है और वहां कौन-कौन शामिल होने वाला है। सानू के अनुसार, कार्यक्रम में दाऊद इब्राहिम उनके सामने बैठा हुआ था और उन्होंने उसके सामने अपने लोकप्रिय गाने गाए।
सानू ने बताया कि पार्टी के बाद जब अखबार में उनकी तस्वीरें छपीं, तब उन्हें पता चला कि वह किस तरह के लोगों के बीच कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्हें इस घटना की गंभीरता और संभावित खतरे का एहसास हुआ।
अबू सलेम के कार्यक्रम में भी किया परफॉर्म
कुमार सानू ने एक दूसरे वाकये का भी जिक्र किया, जब उनसे पैसों की मांग की गई थी। उन्होंने पैसे देने से इनकार करते हुए कहा कि अगर उनसे कोई काम करवाना है तो वह गाना गा सकते हैं। इसके बाद वह अबू सलेम से जुड़े एक कार्यक्रम में परफॉर्म करने दुबई गए थे।
सानू के मुताबिक, उस दौर में बॉलीवुड पर अंडरवर्ल्ड के प्रभाव के कारण कलाकारों के लिए हालात काफी मुश्किल थे। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर भी लगता था, लेकिन कई बार परिस्थितियां ऐसी होती थीं कि सामने वाले की मांग को सीधे ठुकराना आसान नहीं था।
पुलिस ने दी थी दुबई जाने से रोकने की सलाह
सानू ने दावा किया कि अबू सलेम के कार्यक्रम में जाने से पहले पुलिस की ओर से उन्हें फोन भी आया था। अधिकारियों ने उन्हें दुबई जाने से बचने की सलाह दी और कथित तौर पर चेतावनी दी कि अगर वह गए तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।
इसके जवाब में सानू ने अपनी सुरक्षा की गारंटी मांगी। उनका कहना था कि वह एक गायक हैं और गाना ही उनकी रोजी-रोटी है। आखिरकार वह दुबई गए, कार्यक्रम में परफॉर्म किया और सुरक्षित भारत लौट आए।
कुमार सानू ने यह भी बताया कि उस दौर में उन्होंने कई डरावने हालात अपनी आंखों के सामने देखे थे। उनके मुताबिक, यही वजह थी कि अंडरवर्ल्ड से जुड़े इन अनुभवों के दौरान उन्हें अपनी जान को लेकर डर महसूस होता था।


