झज्जर। हरियाणा के झज्जर में दिवाली की रात एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जहाँ आपातकालीन सेवा में तैनात दमकल कर्मियों को दबंगई का शिकार होना पड़ा। गांव में आग बुझाने जा रही फायर ब्रिगेड की गाड़ी को पहले रास्ते में साइड विवाद के चलते रोका गया और बाद में 7-8 हमलावरों ने फायर ब्रिगेड कार्यालय के कंट्रोल रूम में घुसकर ड्यूटी पर तैनात चीफ फायर फाइटर प्रवीण ढुल की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस हमले में प्रवीण की आंख और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं तथा उनका एक दांत भी टूट गया।
रास्ते में गाड़ी अड़ाकर की बदसलूकी
पीड़ित प्रवीण ढुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब 11:05 बजे गांव कुतानी में आग लगने की सूचना मिली थी। वे फायर ऑफिसर आशीष दलाल और प्रीतम के साथ दमकल वाहन लेकर तुरंत रवाना हुए।
-
सब्जी मंडी के पास एक काले रंग की कार ने फायर ब्रिगेड को टक्कर मारने की कोशिश की और आगे गाड़ी अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
-
कार से उतरे तीन युवकों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। उस वक्त आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने हाथ जोड़े और स्थिति को संभालते हुए आगे निकल गए।
दमकल केंद्र के अंदर घुसकर बोला धावा
रास्ते में जब आग बुझने की सूचना मिली, तो टीम वापस झज्जर लौट रही थी।
-
मिनी सचिवालय के पास एक सफेद रंग की सरकारी नंबर वाली बोलेरो ने उन्हें रुकवाकर कर्मचारियों के नाम और दफ्तर की जानकारी ली।
-
इसके करीब 10 मिनट बाद एक काले रंग की थार (DL 7CZ2702) में दो युवक फायर ब्रिगेड स्टेशन पहुंचे और फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
-
कुछ ही देर में दो गाड़ियों में 5-6 अन्य युवक आ धमके और सीधे कंट्रोल रूम में दाखिल हो गए।
खुद को बताया रिटायर्ड DSP का पोता, दी जान से मारने की धमकी
आरोपियों ने दफ्तर में घुसते ही प्रवीण पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की।
-
हमले के दौरान एक आरोपी ने खुद को रिटायर्ड डीएसपी का पोता, दूसरे ने खुद को वकील और तीसरे ने बीएसएफ का जवान बताया।
-
मारपीट के बाद आरोपी “अगली बार ऐसा किया तो जान से मार देंगे” की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और गाड़ियों के नंबरों के आधार पर हमलावरों की पहचान व तलाश शुरू कर दी है।


