HomePunjabनायब सैनी ने भगवंत मान और राहुल गांधी को घेरा, चन्नी के...

नायब सैनी ने भगवंत मान और राहुल गांधी को घेरा, चन्नी के डंपर वाले बयान पर भी ली चुटकी

आचार संहिता लागू होते ही जनता दिखाएगी सरकार को आईना, राहुल गांधी और चरणजीत सिंह चन्नी पर भी साधा निशाना

जालंधर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जालंधर दौरे के दौरान पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और आम जनता की अनदेखी करने के आरोप लगाए। सैनी ने कहा कि पंजाब में आम आदमी की नहीं, बल्कि खास लोगों की सरकार चल रही है। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद जनता इस सरकार को उसके कामों का जवाब देगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में पंजाब के आम लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है। सरकार ने आम जनता की बजाय अपने करीबी लोगों को फायदा पहुंचाने का काम किया। उन्होंने टिकट वितरण को लेकर भी AAP पर सवाल उठाए। सैनी के मुताबिक, जिन मौजूदा विधायकों ने पार्टी की बात नहीं मानी, उनके टिकट काट दिए गए, जबकि भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे लोगों को दोबारा टिकट दिया गया है। उन्होंने कहा कि खुद को कट्टर ईमानदार बताने वाली पार्टी ने पंजाब को भ्रष्टाचार की दलदल में धकेल दिया है।

सैनी ने दावा किया कि पंजाब के लोग मौजूदा सरकार से परेशान और डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही चुनाव आचार संहिता लागू होगी, सरकार की असली स्थिति जनता के सामने आ जाएगी।

राहुल गांधी की यात्रा पर भी कसा तंज

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने उनकी ‘जवानी बचाओ यात्रा’ पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दूसरी पार्टियों को खत्म करने की बातें कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पहले अपनी पार्टी के पुराने घोषणापत्र और वादों पर नजर डालनी चाहिए।

सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने पवित्र गुटका साहिब की शपथ लेकर पंजाब से नशा खत्म करने और हर घर में रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन कांग्रेस के शासनकाल में नशे और बेरोजगारी की समस्या खत्म नहीं हुई। राहुल गांधी की कार्यशैली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कोई उन्हें स्क्रिप्ट लिखकर दे देता है और वह आकर उसे पढ़ देते हैं।

चन्नी के अवैध खनन वाले बयान पर भगवंत मान को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधते हुए सैनी ने उनके सोशल मीडिया पर सामने आए डंपर वाले वीडियो और अवैध खनन संबंधी बयान पर टिप्पणी की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चन्नी को डंपर पर अपने साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी बैठा लेना चाहिए।

सैनी ने आरोप लगाया कि पंजाब में कांग्रेस सरकार के समय भी बड़े स्तर पर अवैध खनन होता था और मौजूदा भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में भी यह सिलसिला जारी है।

चुटकुलों से नहीं, काम से भरेगा जनता का पेट

अपने संबोधन के अंत में नायब सिंह सैनी ने विपक्षी दलों पर जनता को चुटकुलों और बयानों के जरिए गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुटकुले सुनाने से लोगों का पेट नहीं भरता। जनता को रोजगार, विकास और बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है। सैनी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही देश और प्रदेशों में विकास के कामों को आगे बढ़ाया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments