फरवरी 2027 में अमृतसर और आनंदपुर साहिब में होंगे मुख्य समागम
DHARMA DESK : श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म शताब्दी को समर्पित धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां तेज हो गई हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से इस अवसर पर पंजाब के विभिन्न स्थानों पर गुरमत समागम, कीर्तन दरबार और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत 14 नवंबर को सुल्तानपुर लोधी स्थित गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में गुरमत समागम और कीर्तन दरबार करवाया जाएगा।
फरवरी में होंगे मुख्य शताब्दी समारोह
SGPC की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 18 फरवरी 2027 को अमृतसर के गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में विशेष समागम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 19 और 20 फरवरी 2027 को श्री आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केसगढ़ साहिब में मुख्य शताब्दी समारोह होंगे।इन कार्यक्रमों के माध्यम से भगत रविदास जी के जीवन, विचारों, दर्शन और गुरबाणी में उनके योगदान को संगत तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पंजाब के अलग-अलग शहरों में होंगे गुरमत समागम
शताब्दी समारोहों की श्रृंखला के तहत SGPC ने पंजाब के विभिन्न गुरुद्वारों में धार्मिक कार्यक्रमों की योजना बनाई है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार:
-
14 नवंबर: गुरुद्वारा श्री बेर साहिब, सुल्तानपुर लोधी।
-
21 नवंबर: गुरुद्वारा श्री गरना साहिब, बोदल, होशियारपुर।
-
28 नवंबर: गुरुद्वारा श्री चरणकंवल साहिब, बंगा।
-
5 दिसंबर: गुरुद्वारा संग जी, ढेसीयां, जालंधर।
इसके अतिरिक्त अन्य स्थानों पर भी गुरमत समागम और कीर्तन दरबार आयोजित किए जाएंगे।
वाराणसी से निकलेगा नगर कीर्तन
SGPC की योजना के अनुसार, 20 जनवरी 2027 को भगत रविदास जी के जन्मस्थान काशी (वाराणसी) से एक विशाल नगर कीर्तन आरंभ किया जाएगा। यह नगर कीर्तन विभिन्न शहरों से होते हुए 31 जनवरी को श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा। इस दौरान प्रयागराज, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, दिल्ली, करनाल और अंबाला सहित कई स्थानों पर नगर कीर्तन का पड़ाव प्रस्तावित है।
जीवन और दर्शन पर प्रकाशित की जाएंगी पुस्तकें
SGPC की ओर से भगत रविदास जी के जीवन, इतिहास, बाणी और दर्शन से संबंधित साहित्य भी तैयार करवाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न भाषाओं में पुस्तिकाएं प्रकाशित करने की योजना है। साथ ही गुरमत प्रकाश पत्रिका का फरवरी अंक भी उनके जीवन और शिक्षाओं को समर्पित रहेगा।


