नूंह। नूंह शहर में अधिवक्ता के घर हुई करीब 20 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक 11 लाख 8 हजार 500 रुपये नकद, चोरी की रकम से बनवाई गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच राजस्थान तक पहुंची और एक आरोपी को अलवर जिले से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ा। अब पुलिस चोरी की बाकी रकम और अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
6 अगस्त की रात हुई थी चोरी
घटना 6 अगस्त की रात नूंह के वार्ड नंबर-10 में आर्य समाज मंदिर के पास हुई थी। अधिवक्ता पंकज गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए और अलमारी में रखी करीब 20 लाख रुपये की नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद शहर थाना नूंह पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की जांच के साथ साइबर सेल की मदद ली। रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर तीन युवक मोटरसाइकिल पर आते-जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।
तीन आरोपियों को अलग-अलग तारीखों में पकड़ा
जांच के दौरान पुलिस ने 14 अगस्त को अलवर जिले के बैरावास निवासी उमरदीन उर्फ कुक्कल को गिरफ्तार किया। उसकी पूछताछ और निशानदेही के बाद 15 अगस्त को सामोला निवासी अब्दुल्ला उर्फ अजरुद्दीन और 16 अगस्त को शाहपुर नंगली निवासी मुस्तकीम को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की रकम अलग-अलग स्थानों से बरामद की गई। उमरदीन से 6 लाख 30 हजार रुपये, अब्दुल्ला के घर से 4 लाख रुपये और चोरी की रकम से बनवाई गई सोने की चेन, जबकि मुस्तकीम से 78,500 रुपये नकद बरामद हुए। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली।
20 से अधिक वारदातों से जुड़े तार की जांच
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों के 20 से अधिक चोरी की वारदातों से जुड़े होने की आशंका सामने आई है। अब जांच इस दिशा में आगे बढ़ाई जा रही है कि इन घटनाओं में आरोपियों के साथ और कौन लोग शामिल थे और चोरी की बाकी रकम व सामान कहां छिपाया गया है।
थाना शहर नूंह प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस चोरी से जुड़े अन्य मामलों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।


