Punjab Desk: पंजाब में सोमवार से मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ द्वारा जारी विशेष मौसम बुलेटिन के अनुसार 28 से 30 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा (12 सेंटीमीटर से अधिक) होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों, किसानों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के मुताबिक सोमवार रात तक बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहेंगी, लेकिन उसके बाद वर्षा की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। खासकर 28 और 29 जुलाई को कई जिलों में तेज बारिश के चलते जलभराव, छोटे नालों के उफान और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
जानिए किस दिन कहां रहेगा मौसम का अलर्ट
27 जुलाई (सोमवार): पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और शहीद भगत सिंह नगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।
28 जुलाई (मंगलवार): पठानकोट, गुरदासपुर और अमृतसर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी से अति भारी बारिश की आशंका है। वहीं तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना और पटियाला में येलो अलर्ट रहेगा।
29 जुलाई (बुधवार): बारिश का असर और बढ़ने की संभावना है। गुरदासपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में येलो अलर्ट लागू रहेगा। दक्षिणी और पश्चिमी पंजाब के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं।
30 जुलाई (गुरुवार): बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है। गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर, रूपनगर और मोहाली में येलो अलर्ट जारी रहेगा, जबकि राज्य के अन्य जिलों में फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी नहीं है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


