चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करने की रणनीति बना रही है। सूत्रों के मुताबिक, 15 नवंबर के बाद दूसरी सूची सामने आ सकती है। इसे लेकर पार्टी के भीतर लगातार बैठकों और विचार-विमर्श का दौर जारी है।
बताया जा रहा है कि पिछले छह-सात दिनों में पार्टी के कई विधायक और वरिष्ठ नेता दीपावली के बहाने दिल्ली पहुंचकर हाईकमान के साथ मुलाकात कर चुके हैं। इन मुलाकातों को आगामी चुनाव और टिकटों के बंटवारे से जोड़कर देखा जा रहा है।
दूसरी सूची में सबसे ज्यादा चर्चा उन नेताओं को लेकर हो रही है, जो दूसरी राजनीतिक पार्टियों को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी ने इनमें से कई नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब इन्हीं चेहरों को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाने पर विचार किया जा रहा है।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि हलका इंचार्ज के रूप में क्षेत्र में सक्रिय रहे नेताओं को टिकट देने से चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूती मिल सकती है। हालांकि, इस बार टिकट वितरण में कुछ मौजूदा विधायकों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं।
सूत्रों के अनुसार, कुछ ऐसे विधानसभा क्षेत्र भी हैं, जहां फिलहाल आम आदमी पार्टी के विधायक मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद मौजूदा विधायकों की जगह नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में दूसरी सूची में कई चौंकाने वाले नाम सामने आ सकते हैं।


