फरीदाबाद। बीके सिविल अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब खुद को विजिलेंस अधिकारी बताकर एक व्यक्ति सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा के कार्यालय पहुंच गया। आरोपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर रौब झाड़ते हुए सीएमओ को नौकरी से हटवाने तक की धमकी दे डाली। उसकी हरकतों पर शक होने के बाद सीएमओ ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर एनआईटी नंबर-3 चौकी पहुंची।
जानकारी के अनुसार, बीके सिविल अस्पताल में करीब 50 लाख रुपये के कथित डीजल घोटाले की जांच चल रही है। इसी जांच के बीच एक व्यक्ति खुद को विजिलेंस अधिकारी बताकर सीएमओ कार्यालय पहुंचा और वहां मौजूद स्टाफ पर दबाव बनाने लगा। उसने सीएमओ से कहा कि वह उनकी नौकरी खा जाएगा।
डीजल घोटाले की जांच के बीच पहुंचा आरोपी
सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि अस्पताल में कथित डीजल घोटाले की जांच मुख्यालय की टीम कर रही है। इसी दौरान संबंधित व्यक्ति उनके कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों व कर्मचारियों से दबाव बनाने वाले अंदाज में बातचीत करने लगा। उसके व्यवहार और बातचीत के तरीके से सीएमओ को उसकी पहचान पर संदेह हुआ।
सीएमओ को आशंका हुई कि व्यक्ति विजिलेंस अधिकारी होने का झूठा दावा कर कर्मचारियों को डराने और उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश कर सकता है। स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को अपने साथ एनआईटी नंबर-3 चौकी ले गई। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है।


