हिसार: श्रीलंका घूमने गए हिसार के जिला अटार्नी सुनील परुथी के परिवार पर सोमवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके 25 वर्षीय बेटे समृद्ध परुथी की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद हिसार कोर्ट परिसर में भी शोक का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, समृद्ध 9 सितंबर को अपने दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने गए थे। उनका 16 सितंबर को वापस हिसार लौटने का कार्यक्रम था। सोमवार को समुद्र में राफ्टिंग के दौरान अचानक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान समृद्ध के साथ मौजूद दो अन्य युवक भी समुद्र में डूब गए। दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद समृद्ध को भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार को घटना की जानकारी सोमवार दोपहर करीब 3 बजे मिली। उस समय सुनील परुथी हिसार कोर्ट में मौजूद थे।
घटना की खबर कोर्ट परिसर पहुंचने के बाद जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने सुनील परुथी के प्रति संवेदना व्यक्त की। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप बाजिया ने बताया कि समृद्ध अपने दोस्तों के साथ श्रीलंका घूमने गए थे और कुछ दिनों बाद उनकी वापसी होनी थी।
उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए बेहद दुखद समय है और पूरी बार एसोसिएशन इस मुश्किल घड़ी में सुनील परुथी और उनके परिवार के साथ खड़ी है।


