नई दिल्ली: सलमान खान से जुड़े 1998 के काले हिरण शिकार मामले से कथित तौर पर प्रेरित फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी’ को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। सलमान खान ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए याचिका दायर की है। इस पर कोर्ट ने फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी से जवाब मांगा है।
जस्टिस ज्योति सिंह की अदालत ने प्रोड्यूसर की ओर से पेश वकील को निर्देश दिया कि वह सलमान खान की याचिका पर दो हफ्ते के भीतर जवाब दाखिल करें। मामले की अगली सुनवाई 30 सितंबर को होगी।
अभी रिलीज के लिए तैयार नहीं फिल्म
सुनवाई के दौरान फिल्म के मेकर्स की ओर से कोर्ट को बताया गया कि फिल्म फिलहाल रिलीज होने की स्थिति में नहीं है, क्योंकि इसके कंटेंट को अभी सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलना बाकी है। कोर्ट ने इस बयान को रिकॉर्ड पर लिया।
हालांकि, सलमान खान की ओर से पेश वरिष्ठ वकील रवि प्रकाश ने दलील दी कि अगर फिल्म रिलीज हो जाती है तो अभिनेता को गंभीर नुकसान हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि मेकर्स सितंबर में फिल्म रिलीज करने की बात कह चुके हैं।
OTT रिलीज को लेकर भी उठी बात
सलमान खान के वकील ने कोर्ट में यह मुद्दा भी उठाया कि फिल्म को OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने के लिए सेंसर सर्टिफिकेशन की जरूरत नहीं होने की स्थिति में अलग परिस्थिति बन सकती है। कोर्ट ने इस दलील को भी रिकॉर्ड पर लिया।
वहीं, प्रोड्यूसर अमित जानी के वकील ने मामले और कोर्ट के अधिकार-क्षेत्र को लेकर आपत्ति जताई। जब अदालत ने फिल्म की प्रस्तावित रिलीज डेट के बारे में पूछा तो वकील ने कहा कि फिलहाल उनके पास रिलीज डेट को लेकर कोई स्पष्ट निर्देश नहीं हैं।
कोर्ट ने प्रोड्यूसर की ओर से पेश वकील को जवाब दाखिल करने का समय दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 30 सितंबर को होगी।


