Entertainment News: ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर सफलता के बाद अब एक और संत के जीवन को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी शुरू हो गई है। वैष्णव किन्नर अखाड़े की जगद्गुरु शंकराचार्य हिमांगी सखी ने संत प्रेमानंद महाराज के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर फिल्म बनाने का ऐलान किया है। फिल्म का नाम ‘राधा अंश’ रखा गया है।
हिमांगी सखी के मुताबिक, बाबा नीम करोली महाराज के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ से उन्हें इस प्रोजेक्ट की प्रेरणा मिली। इसी के बाद उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के जीवन, उनके आध्यात्मिक सफर और राधा भक्ति को पर्दे पर उतारने का फैसला किया।
प्रेमानंद महाराज की मंजूरी अभी बाकी
फिल्म को लेकर प्रोडक्शन टीम के साथ बातचीत हो चुकी है और टीम इस प्रोजेक्ट के लिए तैयार बताई जा रही है। हालांकि, संत प्रेमानंद महाराज और उनके शिष्यों की आधिकारिक मंजूरी अभी नहीं मिली है। हिमांगी सखी जल्द ही उनसे मुलाकात कर फिल्म बनाने की अनुमति लेने की तैयारी में हैं।
उन्होंने बताया कि उनका बचपन ब्रज में बीता है और राधा रानी के प्रति उनकी गहरी आस्था है। ऐसे में संत प्रेमानंद महाराज की आध्यात्मिक यात्रा को फिल्म के जरिए लोगों तक पहुंचाना उनके लिए महज एक फिल्म प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि आस्था और आध्यात्मिक जुड़ाव से जुड़ा प्रयास है।
मंजूरी के बाद जल्द आएगा प्रोमो
हिमांगी सखी ने दावा किया कि अगर संत प्रेमानंद महाराज की मंजूरी मिल जाती है तो फिल्म का प्रोमो जल्द तैयार किया जाएगा। यानी अनुमति मिलने के बाद ‘राधा अंश’ के प्रोजेक्ट को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी है।
फिलहाल फिल्म की कास्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसी बीच सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि क्या विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की चर्चित जोड़ी इस फिल्म का हिस्सा बन सकती है। हालांकि, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


