कैथल। हरियाणा के कैथल में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वीरवार सुबह पाडला-गुहणा रोड पर एंटी-एक्सटॉर्शन सेल की टीम और आरोपितों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपितों पर गांव पाडला के एक व्यक्ति से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
रंगदारी नहीं देने पर दी थी जान से मारने की धमकी
जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के गांव पाडला निवासी एक व्यक्ति को दो आरोपितों ने एक करोड़ रुपये देने की धमकी दी थी। आरोप था कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे जान से मारने की चेतावनी भी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैथल पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपितों की तलाश के लिए एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
पाडला-गुहणा रोड पर हुई मुठभेड़
वीरवार सुबह एंटी-एक्सटॉर्शन सेल के प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार की टीम को आरोपितों के बारे में अहम सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने पाडला-गुहणा रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान पुलिस और दोनों आरोपित आमने-सामने आ गए। मुठभेड़ में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। घायल आरोपितों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।
अमृतसर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरकिरत सिंह और कर्मबीर सिंह के रूप में की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों कथित तौर पर गांव पाडला निवासी व्यक्ति पर हमला करने के इरादे से वहां पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


