Category: Punjab

  • जालंधर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, BKI के 2 आतंकी 2.5 किलो RDX के साथ गिरफ्तार

    जालंधर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, BKI के 2 आतंकी 2.5 किलो RDX के साथ गिरफ्तार

    जालंधर: पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने जालंधर में एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.5 किलो IED/RDX और एक रिमोट कंट्रोल बरामद किया गया है।

    काउंटर इंटेलिजेंस द्वारा गिरफ्तार किए गए आतंकियों की पहचान गुरजिंदर सिंह और दीवान सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों शहर में किसी बड़े धमाके को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

    पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दोनों आतंकी BKI के मास्टरमाइंड हरविंदर सिंह रिंदा के इशारे पर काम कर रहे थे और एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। डीजीपी यादव के अनुसार, काउंटर इंटेलिजेंस को एक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर जाल बिछाकर दोनों आतंकियों को विस्फोटक सामग्री के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

    पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि इस आतंकी मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों और उनके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

  • बठिंडा एयरपोर्ट से एक एयरलाइन ने उड़ानें की बंद, दूसरी ने भी घटाईं, दिल्ली से संपर्क टूटा- जानें इसके पीछे की वजह

    बठिंडा एयरपोर्ट से एक एयरलाइन ने उड़ानें की बंद, दूसरी ने भी घटाईं, दिल्ली से संपर्क टूटा- जानें इसके पीछे की वजह

    बठिंडा: मालवा क्षेत्र की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा झटका लगा है। यात्रियों की भारी कमी के चलते बठिंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली दो में से एक एयरलाइन ने अपनी सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी हैं, जबकि दूसरी ने भी अपनी साप्ताहिक उड़ानों को आधा कर दिया है, जिससे यह एयरपोर्ट अब बंद होने की कगार पर पहुंच गया है।

    जानकारी के मुताबिक, बठिंडा से हिंडन (गाजियाबाद) के लिए उड़ान भरने वाली ‘फ्लाई बिग’ एयरलाइन ने 27 सितंबर से अपनी सभी उड़ानें बंद कर दी हैं। यह सेवा सितंबर 2023 में शुरू हुई थी, लेकिन इसे यात्री नहीं मिल रहे थे। सूत्रों के अनुसार, कई बार तो हर उड़ान में औसतन केवल 4 से 6 यात्री ही सफर कर रहे थे, जिसके चलते कंपनी को भारी घाटा हो रहा था। हालांकि, फ्लाई बिग के मैनेजर मदन मोहन ने दावा किया है कि विमानों की मरम्मत के कारण उड़ानें अस्थायी रूप से रोकी गई हैं और नवंबर में इन्हें फिर से शुरू करने की योजना है।

    वहीं, बठिंडा से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली दूसरी कंपनी ‘अलायंस एयर’ ने भी 19 सितंबर से अपनी साप्ताहिक उड़ानों की संख्या आधी कर दी है। इन कटौतियों के कारण अब मालवा के लोगों का दिल्ली से हवाई संपर्क लगभग टूट गया है।

    गौरतलब है कि विर्क कलां गांव में स्थित बठिंडा एयरपोर्ट साल 2019 में बड़ी उम्मीदों के साथ शुरू हुआ था। कोविड-19 के बाद यहां से दो प्रमुख रूटों पर सेवाएं बहाल हुई थीं, लेकिन अब यात्रियों की कमी के कारण इसके भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।इस गंभीर मामले पर बठिंडा एयरपोर्ट के डायरेक्टर सावर मल्ल सिंगारिया से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

  • जालंधर में कन्फेक्शनरी की दुकान में 3 लाख की चोरी, 36 मिनट तक इत्मीनान से वारदात को दिया अंजाम

    जालंधर में कन्फेक्शनरी की दुकान में 3 लाख की चोरी, 36 मिनट तक इत्मीनान से वारदात को दिया अंजाम

    जालंधर: जालंधर में पुलिस की निष्क्रियता के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। शहर के व्यस्त दुग्गल ढाबे के पास स्थित अकबर कन्फेक्शनरी में बीती रात चोरों ने धावा बोलकर करीब 3 लाख रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने बिना किसी खौफ के 36 मिनट तक इत्मीनान से इस वारदात को अंजाम दिया और किसी को कानों-कान भनक तक नहीं लगी।

    यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि उनकी दुकान में यह चोरी की दूसरी घटना है और पिछली बार शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।

    घटना रात करीब ढाई बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि पहले बाइक पर दो युवक आते हैं और दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश करते हैं। कुछ ही देर में उनके दो और साथी वहां पहुंच जाते हैं। इसके बाद चारों मिलकर शटर उठाते हैं और बोरियों में सामान भरकर आराम से फरार हो जाते हैं। दुकानदार मोहम्मद सलीम जब सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला।

    दुकानदार मोहम्मद सलीम ने बताया कि चोर दुकान से महंगी सिगरेट की कई डिब्बियां और गल्ले में रखी करीब 35 से 40 हजार रुपये की चिल्लर (सिक्के) ले गए। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर लगभग 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि पहले हुई चोरी की शिकायत पर अगर पुलिस कार्रवाई करती तो शायद आज यह नौबत न आती।

    पास ही स्थित दुग्गल ढाबे के मालिक संजीव और राजीव दुग्गल ने भी इलाके में पुलिस की गश्त पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके ढाबे के आसपास पहले भी कई चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम रही है, जिससे दुकानदारों में दहशत का माहौल है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू करने की बात कही है।

  • Flipkart को लगाया सवा करोड़ का चूना, 10 दिन पहले नौकरी पर लगा ड्राइवर 221 आईफोन लेकर फरार

    Flipkart को लगाया सवा करोड़ का चूना, 10 दिन पहले नौकरी पर लगा ड्राइवर 221 आईफोन लेकर फरार

    लुधियाना: ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट के साथ सवा करोड़ रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी के लिए काम कर रहे एक ट्रक ड्राइवर ने अपने सहायक के साथ मिलकर ट्रक से 234 पार्सल चोरी कर लिए, जिनमें 221 एप्पल आईफोन और अन्य कीमती सामान शामिल थे। वारदात को अंजाम देने वाले ड्राइवर को लॉजिस्टिक्स फर्म ने महज 10 दिन पहले ही नौकरी पर रखा था। इस घटना के बाद ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स कंपनी में हड़कंप मचा हुआ है।

    पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गुरुग्राम स्थित एक लॉजिस्टिक फर्म ने राजस्थान निवासी नासिर को 10 दिन पहले ही बतौर ड्राइवर नियुक्त किया था। 27 सितंबर को नासिर और उसके सहायक चेत ने मुंबई के भिवंडी से फ्लिपकार्ट के 11,677 पार्सल ट्रक में लोड किए, जिनकी डिलीवरी खन्ना स्थित गोदाम में होनी थी। लेकिन रास्ते में ही दोनों ने साजिश के तहत कीमती पार्सल, खासकर आईफोन, चोरी कर लिए। बाद में, सहायक चेत ट्रक को गोदाम के पास लावारिस छोड़कर फरार हो गया।

    मामले का खुलासा तब हुआ जब गोदाम में कर्मचारियों ने पार्सलों की गिनती और स्कैनिंग शुरू की, जिसमें 234 पार्सल कम पाए गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 1.21 करोड़ रुपये आंकी गई है। लॉजिस्टिक फर्म के फील्ड ऑपरेशन अधिकारी प्रीतम शर्मा के बयान पर थाना सदर खन्ना में एफआईआर दर्ज की गई है।

    थाना सदर खन्ना पुलिस ने आरोपी ड्राइवर नासिर और सहायक चेत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • पंजाब मंडी बोर्ड ने धान की सुचारू खरीद के लिए नियंत्रण कक्ष किया स्थापित

    पंजाब मंडी बोर्ड ने धान की सुचारू खरीद के लिए नियंत्रण कक्ष किया स्थापित

    चंडीगढ़: पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मंगलवार को कहा कि राज्य में चल रहे धान खरीद सीजन के दौरान निर्बाध खरीद और सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पंजाब मंडी बोर्ड ने एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो राज्य भर की अनाज मंडियों में किसानों, आढ़तियों और मज़दूरों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने में मदद करेगा।

    कृषि मंत्री ने कहा कि सुचारू खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए इस कंट्रोल रूम में चार समर्पित अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इन अधिकारियों को दो टीमों में विभाजित किया गया है, जो प्रतिदिन 12 घंटे सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक कार्यरत रहेंगे ताकि किसानों और अन्य हितधारकों को निरंतर सहयोग और स्थिति के अनुसार सहायता प्रदान की जा सके। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इस महत्वपूर्ण कार्य के दौरान किसी को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    इस पहल के बारे में विस्तार से बताते हुए खुड्डियां ने कहा कि किसान और अन्य हितधारक कंट्रोल रूम से 0172-5101649 और 0172-5101704 पर संपर्क कर सकते हैं। यह पहल समय-समय पर खरीद की अद्यतन जानकारी प्रदान कर और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर राज्यभर की मंडियों में सुचारू खरीद प्रबंधन सुनिश्चित करेगी, जिससे प्रक्रिया में देरी को कम किया जा सके और किसानों के हित में पारदर्शी कृषि मंडीकरण को बनाए रखा जा सके। उन्होंने कहा कि यह नियंत्रण कक्ष एक सक्रिय कमांड सेंटर के रूप में कार्य करेगा, जहां हमारे हितधारकों की किसी भी समस्या, चाहे वह लॉजिस्टिक्स, भुगतान या मंडियों में सुविधाओं से संबंधित हो, का तुरंत और प्रभावी ढंग से समाधान हेतु एक सीधी संपर्क लाइन दी गई है।

  • पेडा, आईआईएससी ने बायोमास से ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए : अमन अरोड़ा

    पेडा, आईआईएससी ने बायोमास से ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए : अमन अरोड़ा

    चंडीगढ़: पंजाब के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री अमन अरोड़ा ने मंगलवार को बताया कि पंजाब ऊर्जा विकास एजेंसी (पेडा) ने बायोमास, विशेष रूप से धान के भूसे से हरित हाइड्रोजन के उत्पादन के लिए एक अग्रणी पायलट प्रदर्शन परियोजना स्थापित करने के लिए भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

    समझौता ज्ञापन पर पेडा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नीलिमा और आईआईएससी बेंगलुरु के रजिस्ट्रार ने हस्ताक्षर किए। इसका औपचारिक आदान-प्रदान श्रीमती नीलिमा और आईआईएससी के इंटरडिसिप्लिनरी सेंटर फॉर एनर्जी रिसर्च (आईसीईआर) के प्रोफेसर एस. दासप्पा के बीच नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा एवं विद्युत राज्य मंत्री (भारत सरकार) श्रीपद नाइक की उपस्थिति में सरदार स्वर्ण सिंह राष्ट्रीय जैव ऊर्जा संस्थान (एसएसएस-एनआईबीई), कपूरथला में आयोजित जैव ऊर्जा अनुसंधान में हालिया प्रगति पर पांचवें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान हुआ।

    इस परिवर्तनकारी सहयोग के लिए पेडा को बधाई देते हुए अरोड़ा ने कहा कि आईआईएससी के साथ यह सहयोग स्वच्छ ऊर्जा नवाचार के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें कृषि अपशिष्ट का उपयोग ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल एक ऐसी चक्रीय अर्थव्यवस्था बनाने के लिए महत्वपूर्ण है जो किसानों को सशक्त बनाए, पर्यावरण को स्वच्छ बनाए और उद्योगों को कार्बन-मुक्त ऊर्जा प्रदान करे, जिससे अंततः एक मज़बूत, स्वच्छ और ऊर्जा-स्वतंत्र पंजाब का निर्माण हो।

    श्री अरोड़ा ने कहा कि यह परियोजना पराली जलाने की समस्या से निपटेगी, वायु गुणवत्ता में सुधार लाएगी और किसानों के लिए राजस्व के नए स्रोत बनाकर तथा हरित ऊर्जा क्षेत्र में रोज़गार के अवसर पैदा करके ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि यह पहल भारत के राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन को महत्वपूर्ण रूप से आगे बढ़ाएगी और पंजाब के महत्वाकांक्षी नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों को समर्थन प्रदान करेगी।

  • नागरिक अधिकारों, अत्याचार निवारण कानूनों के तहत पीड़ितों के लिए 1.34 करोड़ रुपये जारी : बलजीत कौर

    नागरिक अधिकारों, अत्याचार निवारण कानूनों के तहत पीड़ितों के लिए 1.34 करोड़ रुपये जारी : बलजीत कौर

    चंडीगढ़: पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति समुदायों की गरिमा और अधिकारों की रक्षा करने तथा अत्याचारों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डॉ कौर ने बताया कि नागरिक अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम, 1955 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत वित्त वर्ष 2025–26 के दौरान पीड़ितों और लाभार्थियों को 1.34 करोड़ रुपये की राशि जारी की गयी है। उन्होंने कहा कि राज्यभर में अत्याचार निवारण अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान, कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।

  • पंजाब की अनाज मंडियों में 8.24 लाख टन से अधिक धान की आवक

    पंजाब की अनाज मंडियों में 8.24 लाख टन से अधिक धान की आवक

    चंडीगढ़: पंजाब में सोमवार देर शाम तक राज्य की अनाज मंडियों में कुल आठ लाख 24 हजार 732 से टन से अधिक धान की आवक हुई, जिनमें से सात लाख 72 हजार 965 टन से अधिक धान की खरीद की जा चुकी है, जो कुल आवक का 93 प्रतिशत है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने मंगलवार को बताया कि सरकारी एजेंसियों ने 770241.58 टन धान की खरीद की है, जिनमें पंजाब राज्य अनाज खरीद निगम लिमिटेड (पनग्रेन) अब तक 323992.64 टन की खरीद के साथ सरकारी एजेंसियों में अग्रणी रही है।

    इसके अलावा, मौजूदा खरीफ मंडीकरण सीजन में अब तक 66679 किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ प्राप्त हुआ है। किसानों के खातों में अब तक 1646.47 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं। श्री कटारूचक्क ने कहा कि राज्य में आई बाढ़ के बावजूद पंजाब सरकार किसानों द्वारा मेहनत से उगाए गए हर एक दाने की खरीद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अक्टूबर के लिए 27,000 करोड़ रुपये और सितंबर के लिए 15,000 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा (सीसीएल) हासिल कर ली है। अधिकारियों को मंडियों में बारदाने, चिकित्सा सुविधाओं और सफाई के उचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में कोई कठिनाई न हो।

  • दुखद खबर : मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवंदा का निधन, 12 दिन से जिंदगी और मौत से लड़ रहे थे जंग

    दुखद खबर : मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवंदा का निधन, 12 दिन से जिंदगी और मौत से लड़ रहे थे जंग

    मोहाली: पंजाबी इंडस्ट्री से एक बुरी खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवंदा का मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया है। राजवीर जवंदा पिछले 12 दिनों से वेंटिलेटर थे और उनकी हालत में कोई भी सुधार नहीं हो रहा था।

    बता दें कि राजवीर जवंदा का एक्सीडेंट 27 सितंबर को हुआ था, जब वह बाइक पर शिमला जा रहे थे। पिंजौर-नालागढ़ रोड पर अचानक रोड पर दो सांड लड़ते हुए आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में जवंदा की बाइक सामने से आ रही बोलेरो से टकरा गई। उनके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी।

    एक्सीडेंट के बाद पहले उन्हें पंचकूला ले जाया गया और फिर हालत बिगड़ने पर मोहाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल ले जाते वक्त राजवीर को दो बार दिल का दौरा भी पड़ा था। राजवीर जवंदा की मौत की खबर फैलते ही पंजाबी इंडस्ट्री में मातम छा गया है।

  • बीएसएफ ने पिस्तौल के पुर्जे और पाकिस्तान निर्मित गोला-बारूद किया बरामद

    बीएसएफ ने पिस्तौल के पुर्जे और पाकिस्तान निर्मित गोला-बारूद किया बरामद

    जालंधर: पंजाब में सीमा पार तस्करी गतिविधियों के खिलाफ अपने निरंतर अभियान में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने तरनतारन सीमा पर पिस्तौल के पुर्जे और कारतूस बरामद किए। बीएसएफ के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि सोमवार शाम तरनतारन सीमा पर तलाशी के दौरान, सतर्क बीएसएफ जवानों ने नौशेरा ढल्ला गाँव के पास एक पिस्तौल की स्लाइड असेंबली वाली एक प्लास्टिक की बोतल बरामद की। बोतल पीले रंग के चिपकने वाले टेप में लिपटी हुई थी और उसमें एक धातु का तार लगा हुआ था, जो ड्रोन द्वारा गिराए जाने का संकेत देता है।

    प्रवक्ता ने बताया कि आज सुबह एक संदिग्ध ड्रोन गतिविधि पर नज़र रखते हुए बीएसएफ जवानों ने तरनतारन के राजोके गाँव से सटे एक खेत से 9 मिमी कैलिबर के 75 कारतूसों से भरा एक पैकेट सफलतापूर्वक जब्त किया। गोला-बारूद पर पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की मुहरें लगी थीं, जिससे भारतीय धरती पर आतंकवादी गतिविधियों की योजना बना रहे पाक प्रायोजित तत्वों की संलिप्तता की पुष्टि होती है।