45 नशा तस्कर भी दबोचे गए, 621 ग्राम हेरोइन और 190 नशीली गोलियां बरामद; पुलिस ने लोगों से गुप्त सूचना देने की अपील की
PUNJAB DESK : पंजाब पुलिस ने राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के 174वें दिन रविवार को पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने गैंगस्टरों और उनके साथियों से जुड़े 667 चिन्हित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर 413 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 4 अवैध हथियार भी बरामद किए गए। पंजाब पुलिस के अनुसार, यह अभियान 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के नेतृत्व में शुरू किया गया था। अभियान को एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय से राज्य के सभी जिलों में लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि अभियान शुरू होने से लेकर अब तक 48,098 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा रविवार की कार्रवाई के दौरान 293 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की गई, जबकि 4 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों से जुड़ी किसी भी जानकारी को एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर पूरी तरह गोपनीय तरीके से साझा कर सकते हैं। पुलिस का कहना है कि नागरिकों का सहयोग अपराध पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी के साथ पंजाब पुलिस ने नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 499वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए 45 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 621 ग्राम हेरोइन, 190 नशीली गोलियां और 1,600 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत पिछले 499 दिनों में कुल 73,596 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा रविवार को 15 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित कर संबंधित केंद्रों तक पहुंचाया गया। पंजाब पुलिस ने दोहराया कि राज्य में गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

